आगे ...
इस समय एक रोचक घटना अकस्मात ही स्मरण में आ गई जिसे ना बताऊं तो यादों के साथ बेमानी हो जाएगी ।सातवीं कक्षा की बात है भाषण प्रतियोगिता में एक सहपाठी राजरत्ना ने भोजपुरी में भाषण तैयार किया था ।उसकी भाषण की तैयारी कब हुई यह स्मरण नहीं, अरे हां उसने अपने घर पर ही तैयार किया था और अजीत सर, यूनुस सर, सवलिया सर तथा अन्य अध्यापकों को सुना दिया था, जो सेलेक्ट हो गया था। इसलिए रियाज में हम नहीं सुन पाए थे ।जब स्वतंत्रता दिवस के दिन भोजपुरी में भाषण दिया तब उसकी भाषण की अंतिम पंक्तियों की गूंज जैसे मन में बैठ गई थी। वह पंक्तियां थी " आईं हमनी के आज ई तिरंगा के नीचे आज किरिया खाई कि कपार फूटी- त-फूटी ,जान जाई- त-जाई , बाकि ई तिरंगा के आन-बान-शान में कऊनो कमी ,कभी ना आई" "कपार फूटी -त-फूटी" वाले वाक्यांश ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया ।हम सभी ने बधाइयां भी दी, उससे पूछने पर ज्ञात हुआ कि उसकी बड़ी बहन ने भाषण तैयार करवाया था। यह बात मेरे मन में ऐसी लागी मानो बैठ गई। अक्सर इस बात से स्वयं थोड़ा इनफीरियर समझती थी कि काश मेरी भी कोई बड़ी बहन या बड़ा भाई होता जो मेरे लिए स्पीच/ भाषण तैयार कर देता। लेकिन फिर मैं समझा लेती कि कोई बात नहीं। संभवत: ऐसे ही घटनाओं का परिणाम था कि मेरे छोटे भाइयों बहनों का संपूर्ण भाषण में स्वयं तैयार करवाती और किसी भी मंच पर जब उन्हें पुरस्कार मिलता तो गर्व से फूली न समाती थी। मानो अपने बचपन को उनके माध्यम से फिर से जीवंत कर लिया करती और उनको मिला पुरस्कार मुझे ऐसे प्रफुल्लित करता मानो इससे बड़ी संपत्ति संसार में ही ना हो ।आज जब प्रारंभिक बाल्यावस्था देखरेख एवं शिक्षा से संबंधित पाठ्यक्रम का प्रशिक्षण देने के क्रम में गहनता से अध्ययन करने पर ज्ञात होता है कि जीवन के प्रारंभिक 8 से 10 वर्षों में जितनी अधिक विविधता रहती है उसका संपूर्ण जीवन पर व्यक्तित्व को निखारने में अत्यंत गहरा प्रभाव पड़ता है ।उस उम्र में हमारा अपने पड़ोसियों के साथ, विद्यालय शिक्षकों, मित्रों के साथ जितना सौहार्दपूर्ण व्यवहार रहता है हम सामाजिक रूप में 35 की उम्र में भी उतना ही अधिक व्यवहार कुशल हो पाते हैं। हमारी किस्से कहानियों की कल्पनाशीलता, वार्तालाप,पक्ष विपक्ष रखने की कला हमारी सृजन क्षमता में वृद्धि करने के साथ - साथ भाषा की समृद्धता में अग्रसर होने को प्रेरित करते हैं। खेल ,सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता जीवन को सुसंस्कृत बनाने को झकझोरती रहती है। स्वयं को दूसरों के साथ-साथ आगे बढ़ाने की क्षमता प्रदान करती है।अपनी बारी आने का इंतजार करना अर्थात धैर्य पूर्वक दूसरों को सुनना, देखना और अंततः अवसर मिलने पर स्वयं को बड़े ही शालीनता ,सहजता तथा स्पष्ट रूप में व्यक्त करना सिखाती है ।जिससे व्यक्तित्व दिन-ब-दिन निखरता जाता है,नित्य नया सीखने की लालसा आजीवन बनी रहती है। व्यस्त से व्यस्ततम दिनचर्या में भी अपनी रचनात्मकता बनाए रखने का सामर्थ्य विकसित होता है ।इसलिए प्रारंभिक 8 से 10 वर्षों तक हर बच्चे के सर्वांगीण विकास में अपने योगदान की जिम्मेदारी समाज के हर व्यक्ति, देश के हर एक नागरिक का परम कर्तव्य बनता है ।मेरे जीवन में विद्यालय के जीवन के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात महाविद्यालय में 15 अगस्त सिर्फ प्रण लेने का दिवस बन गया जिसमें विद्यार्थी जीवन में सुरसा की नई की तरह मुंह बाए खड़ी बाधाओं को चुनौती के रूप में स्वीकार करना और उन पर विजय हासिल करना हो गईं। हर बार समस्याओं और मेरे हौसलों के बीच एक जंग छिड़ती और हर बार विजय श्री की माला मेरे गले को ही सुशोभित करती। दिन ,महीने, साल पंख लगाकर उड़ते गए और मैं अपने हौसलों की उड़ान भरती गई। माता-पिता, दादा जी, चाचा, भाइयों या यूं कहें संपूर्ण परिवार ने इस उड़ान में अपनी- अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके खट्टे - मीठे अनुभव फिर कभी सजा करूंगी।अब अपने अब तक के जीवन की जो सबसे महत्वपूर्ण अनुभूति साझा करने जा रही हूं वह है 15 अगस्त, 2012 का दिवस ।जब एक बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के रूप में मैंने अपनी तिरंगे को अपने हाथों से लहराया और मां भारती के चरणों में अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए ।बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ठाकुरगंज, किशनगंज के रूप में झंडोत्तोलन करते हुए मुझे सच में प्रतीत हुआ कि भारत माता के आंचल में अपने जीवन को दान स्वरूप समर्पित किया और सेना के जवान की तरह मैं भी अपने कर्तव्य पथ पर एक कतार में खड़ी हो गई हूं और पुनः पुनीत भैया का गीत "दान मांगेलीऽऽऽ बलिदान मांगेलीऽऽ, आज भारत माता हमनी से दान मांगेलीऽऽऽ गूंजती और चरितार्थ होती नजर आती है। यह सिलसिला तो अब जीवन का एक अभिन्न हिस्सा बन गया है जब पदस्थापन वाले स्थान पर जहां अपना कार्यालय है वहां स्वयं झंडोत्तोलन करने एवं महादलित बस्ती में जाकर झंडोत्तोलन करवाने की अनुभूति तो वर्णनातीत है। सच में ,हर भारतीय के लिए यह सौभाग्य की बात है कि वह अपने संस्थान के प्रधान के रूप में अपनी स्वतंत्रता की ,अपने देश के तथा संपूर्ण देशवासियों की स्वतंत्रता के गौरव का प्रतीक अपने तिरंगे को लहराता या लहराती है। लेकिन कहीं ना कहीं यह उसे टीस को भी याद दिलाता है कि कभी हम गुलाम थे परंतु ,देश के महान विभूतियों के बलिदानों की दास्तां भी बयान करता है।यादों की स्मृतियों में अनगिनत अनुभूतियों का यह सिलसिला जीवन के सफर में मुसलसल चलता ही है। इन्हीं खट्टी- मीठी अनुभूतियों की थाती जो हमने अपनी पिछली पीढ़ी से प्राप्त की, अपनी भावी पीढ़ी को सुपुर्द करते जाना है और " *देशभक्ति की अलख* " को हर पीढ़ी में बनाए रखना है, जगाए रखना है।
डॉ. दर्शना कुमारी ( स्वतंत्र लेखिका) ,
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी
darshanakumari16@gmail.com
No comments:
Post a Comment