Saturday, 12 August 2023

मित्र की मित्रता : एक अमूल्य धरोहर



वर्ष 2023की मित्रता दिवस पर सभी के सभी मित्रों को अनंत शुभकामनाएं और बधाइयां ।हम सभी के सभी मित्र जहां भी हो स्वस्थ और सुखी हो यह प्रार्थना है। इस दिवस पर हर व्यक्ति अपने इष्ट मित्रों ,जिगरी दोस्तों के साथ बिताए उन पलों को अवश्य ही याद करता है जिनके स्मरण मात्र से मन प्रसन्न और शरीर रोमांच से भर जाता है ।मेरे साथ पुनः आज टाइम मशीन अठखेलियां करते हुए अतीत के कई छोटे-छोटे पलों में भेजती चली गई और मैं गोते लगा लगा कर खुश होती चली गई। कुछ साझा कर रही हूं सबसे पहले तो मित्रों की टोली याद आई, सबकी होती है, इसमें कोई बड़ी बात नहीं है जिस बात में बात है वह यह है कि टोली के सदस्यों में मैं मेरा छोटा भाई आशीष ,पोता सुनील (पुश्तैनी स्थान में जन्म के साथ ही मैं दादी बन चुकी थी) सुनील मुझ से 2 वर्ष बड़ा था और पुन्नू, विक्की ,पप्पू ,धीरज भतीजे थे वह भी मुझसे बड़े ही थे। वीणा और नीलम मेरी भतीजियां भी मुझसे बड़ी ही थी। फिर भी, हम सभी एक दूसरे से जुड़े थे और सबसे मजा तब आता था जब विक्की ,पप्पू और धीरज अपनी गर्मी की छुट्टियों में घर आया करते थे, तब हम दोस्तों की टोली अनेकानेक करतब किया करती थी ।एक बात जो हमें हमेशा रोमांचित करती है कि जब हम शहतूत के पेड़ों पर घंटों बैठकर शहतूत खाते थें और उसकी मिठास को मानो ऐसे व्यक्त करते जैसे संपूर्ण संसार का आनंद पा लिया हो, वक्तव्य ऐसे हुआ करते - " देख हमरा  सबसे पाकल तूंत (भोजपुरी में शहतूत को तूंत बोलते हैं) मिलल बा", तब तक दूसरा बोलता "हमरा त चीनी जईसन मीठ तूंत मिल गईल तभी तपाक से तीसरा कोई बोलता "हम त ई तूंतवा खा के सीधे स्वर्ग में चल गइनी" आदि आदि अनगिनत वाक्यांश  जैसे तब रोमांचित करते थें उससे भी अधिक कुछ दिनों पहले जब हम साथ बैठे विक्की की पत्नी के साथ उन बातों को बता रहे थे तब रोमांचित महसूस कर रहे थे। हमारे साथ सेजल ( विक्की की पत्नी)भी मानो उस समय (era) में खुद को जीवंत पा रही थी। मानो हमारा बचपन हमारे सामने ही चलचित्र की भांति जीवंत चल रहा हो और हम ही उसके दर्शक भी बनकर प्रफुल्लित हुए जा रहे हों। संभवतः हमारे शरीर में सेरोटोनिन और डोपामाइन जैसे रसायन का स्राव होता जा रहा था और जिस खुशी का अनुभव हम कर पा रहे थे वह शब्दों में बयान करने से परे है ।ऐसा नहीं कि यह पहली बार है और सिर्फ मेरे साथ ही होता है हम सभी के साथ होता है ।आज मित्रता दिवस पर उन सभी दोस्तों को धन्यवाद उनकी लंबी आयु की प्रार्थना हर कोई कर रहा है जिन्होंने हर अच्छे- बुरे वक्त में हमारा साथ निभाया ,जाने- अनजाने एक दूसरे का सपोर्ट किया ।क्योंकि रक्त संबंध के बाद मित्र ही वह शख्स है जो हमारे लिए सबल होता है, हम सोच पाते हैं कि दुनिया में यदि हर कोई विपरीत जाकर खड़ा है तब भी मेरी मित्र है ना, कोई बात नहीं जग को फिर से जीत लूंगी। यह अंतस  का वह बल है जिसके सहारे कठिन -से -कठिन परिस्थिति का सामना करने में हम सक्षम हो पाते हैं। मित्र के अपने साथ खड़ा होने मात्र से स्वतः ही एक सकारात्मक ऊर्जा उत्पन्न हो जाती है l
            यह कहा जाता है कि किसी भी रिश्ते को किसी दिवस में नहीं बांधा जा सकता।साथ हीं इस बात पर भी बहस होती ही रहती है कि रिश्तों के दिवस मनाना ही क्यों???  मेरी समझ से वैश्विक स्तर पर ,राष्ट्रीय स्तर पर, राज्य, जिला ,प्रखंड ,पंचायत ,ग्राम अथवा परिवार और व्यक्तिगत स्तर पर यदि गौर से देखा जाए तो हमारा जीवन व्यस्त से व्यस्ततम की ओर बढ़ता जा रहा है ।इसी व्यस्ततम दिनचर्या में अपने अपनों के लिए किसी खास दिवस पर अपने जीवन के अनमोल पलों ,सुख -दुख के क्षणों में अपना साथ निभाने के लिए ,अपने मन के उदगार व्यक्त करने ,अपनी भावनाओं को प्रकट करने के लिए ही संभवत: रिश्तो का दिवस मनाने की प्रथा का प्रचलन बढ़ता जा रहा है। यद्यपि भारतीय सभ्यता का हवाला देते हुए हममें से अनेक  बंधुओं का यह तर्क अवश्य ही रहता है कि रिश्तो का दिवस मनाने का प्रचलन हमारे देश की संस्कृति में नहीं रहा। वह चाहे मातृ दिवस ,पितृ दिवस, पुत्री दिवस ,मित्रता दिवस या अन्य कोई भी दिवस हो ।शिक्षक दिवस की बात इसलिए नहीं की जाती क्योंकि उसके पीछे का तर्क सभी पचा पाते हैं कि देश के महान दार्शनिक जिन्होंने राष्ट्रपति पद तक को सुशोभित किया, ने अपनी यात्रा एक शिक्षक के रूप में प्रारंभ की थी ।उन महात्मा की स्मृति में उन्हें अपनी श्रद्धा अर्पित करने उनके सम्मान में हम शिक्षक दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाते हैं जिसकी स्वीकृति भी बहुसंख्यकों से प्राप्त रहती है। यद्यपि गुरु पूर्णिमा की प्रथा हमारी संस्कृति में प्राचीन काल से चली आ रही है तथापि दोनों दिवसों की मान्यता समानांतर चल रही है ।यदि तार्किक रूप से देखा जाए तो जिन दिवसों के लिए हम विदेशी होने का दावा करते हैं ,पाश्चात्य का होने का दावा करते हैं उसके पीछे की भावना भी संभवत यही हो। हम किसी एक दिवस पर अपने माता ,पिता ,बंधु, बेटी को अत्यंत ही स्पेशल फील करवाने की चाहत ,उनके प्रति सम्मान प्रकट करने की भावना ,व्यस्ततम से भी व्यस्ततम दिनचर्या के बावजूद उनके प्रति अपना प्रेम ,छिपी हुई भावनाएं प्रकट करने का प्रयत्न हो ।यदि विकास के चरणों की बात की जाए तो अर्थशास्त्री  रोस्टोव द्वारा दशकों पूर्व यह सिद्ध किया जा चुका है कि पश्चिम हमसे सौ ,डेढ़ सौ वर्ष आगे बढ़ चुका है। संभवत: यही वजह है कि हमारे यहां वर्तमान में मातृ दिवस , पितृ दिवस या अन्य दिवसों को सर्वमान्य स्वीकृति नहीं मिल पाती परंतु प्रकृति के परिवर्तन के नियम के तहत शनै: -शनै: ही सही परिवर्तन तो हो ही रहा है ,समाज के एक बड़े तबके द्वारा स्वीकारोक्ति मिलती जा रही है। आज भारतीय संस्कृति में परिवार से जुड़े रहकर भी बच्चे कारपोरेट ,प्रशासन, व्यवसाय आदि क्षेत्रों में अपना भविष्य चुन रहे हैं और अपने जन्म स्थान से दूर रहने को बाध्य हैं ।मजबूरी में ही सही परंतु एक छत के नीचे ,एक गांव में नहीं  रह पाने की बाध्यता तो है हीं। इस परिवर्तित परिवेश में यदि किसी दिवस पर अपने अपनों को याद कर उनका हमारे जीवन में होने के लिए आभार व्यक्त करना ,उनके साथ बिताए पलों के लिए अपने मन के उद्गार व्यक्त कर लेने में क्या गुरेज है । सभी स्नेहीजनों के सभी मित्रों को पुनः आज के दिवस की बहुत बहुत बधाई और अनंत शुभकामनाएं।

डॉ. दर्शना कुमारी ( स्वतंत्र लेखिका) 
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी 
darshanakumari16@gmail.com

No comments:

Post a Comment