Friday, 31 July 2020

मुंशी प्रेमचन्द को नमन

'कलम के सिपाही' की उपाधि बिरलेे को ही नसीब होती होगी जब एक पिता को उनके ही पुत्र द्वारा प्रदान किया गया जो स्वर्गीय धनपत राय इन्होंने लिखना तो उर्दू में प्रारंभ किया परंतु हिंदी साहित्य के आकाश पुंज में "प्रेमचंद" नाम से स्वयं को ध्रुव रूपी जगमगाते सितारे के रूप में स्थापित कर डाला। उनकी यथार्थवादी लेखनी ने हिंदी साहित्य को वह अमूल्य धरोहर प्रदान की जिसे थाती के रूप में संजोए रखने हेतु वर्तमान और भावी पीढ़ी को सदैव तत्पर रहना होगा।किसी भी रचना के पात्रों की भूमिका को शब्दों के माध्यम से इस प्रकार चित्रण करना मानव पढ़ने वालों के समक्ष साक्षात चलचित्र चल रहा हो,उनकी लेखनी में स्पष्ट झलकता है ।वह 'गबन' की ' जालपा ' या 'निर्मला' की ' निर्मला ' स्त्री के चरित्र का वह मार्मिक वर्णन ऐसा प्रतीत होता है जैसे पुरुष शरीर से आत्मा निकल कर स्त्री शरीर धारण कर लिया हो तथा स्वयं अपने पात्रों के जीवन को जी लिया हो और फिर उनकी व्यथा को शब्दों में गढ़ दिया हो। यदि पुरुष पात्रों की बात की जाए तो "पूस की रात"का "हरकू"  या "गोदान" का "होरी" या फिर "निर्मला" का "तोता राम" इनके पात्रों की मनःस्थिति का शाब्दिक वर्णन तत्कालीन समाज के उस वर्ग की ज्वलंत स्थिति को प्रकट करती है। बाल मन से भी उन्होंने स्वयं को अछूता नहीं रखा, बालपन की विभिन्न तरंगों की व्याख्या उनकी कृति "ईदगाह" में पढ़ने को मिलती है जो हामिद के मन में बारंबार उठती है।
    प्रेमचंद ने अपने तत्कालीन समाज के सर्वसाधारण वर्ग को अपनी लेखनी का माध्यम बनाया जिसमें दलित,मजदूर, किसान, और महिला वर्ग की मजबूरी,उनकी वेदना, उनकी खुशी को इस प्रकार शब्दों में पिरोया कि वह जनमानस का अपना-सा हो गया और उसे इतनी ख्याति मिली कि आज उनकी रचनाओं पर शोधार्थियों द्वारा शोध कार्य किया जाता है। उनकी साहित्यिक कृतियों का अंग्रेजी,रूसी,जर्मन इत्यादि अनेक भाषाओं में अनुवाद तो हुआ ही साथ-ही-साथ हिंदी सिनेमा जगत में भी "द मिल मजदूर", "सेवा सदन","गबन", "गोदान", "शतरंज के खिलाड़ी", "सद्गति" इत्यादि जैसे पुरस्कृत फिल्मों का निर्माण भी हुआ। दूरदर्शन पर गुलज़ार साहब कृत "तहरीर.....मुंशी प्रेमचंद" नामक धारावाहिक का भी प्रसारण किया गया जिसे दर्शकों द्वारा खूब सराहा गया। इस धारावाहिक के पात्रों ने भी अपनी भूमिका इस तरह निभाई की उस समय यह धारावाहिक जनमानस में अत्यंत लोकप्रिय हो गई। इनकी लेखनी से बंगाली साहित्यकार शरतचंद्र चट्टोपाध्याय इतने प्रभावित हुए कि मुंशी जी को "उपन्यास सम्राट" की उपाधि तक दे डाली ,जबकि इनके पुत्र जो प्रसिद्ध साहित्यकार अमृत राय के नाम से जाने जाते हैं ने इन्हें "कलम का सिपाही" कहकर एक इतिहास ही रच डाला।
ऐसे महान युगपुरुष को उनकी 140 वी जयंती पर शत शत नमन🙏🙏🙏🙏💐💐💐

Thursday, 30 July 2020

साक्षात्कार: ड्रेस कोड

अपनी बातों को आगे बढ़ाते हुए अब आते हैं आज के मुद्दे पर कि साक्षात्कार की तैयारी कैसे करें । सबसे पहले बात करते हैं ड्रेस कोड की ,क्योंकि यह वह पहलू है जिस पर हम बहुत विचार करते हैं परंतु ,यह होता बहुत आसान है। इसकी तैयारी के लिए भी बहुत परेशान होने की जरूरत नहीं होती फिर भी हम परेशान होते ही हैं। अब आप सोचेंगे कि पहले आसान को हीं क्यों चुना मैंने? इस बात पर मैं यह स्पष्ट करना चाहूंगी कि जब हम आसान से कठिन की ओर बढ़ते हैं तो दृढ़ता बढ़ती जाती है। क्योंकि हमने इस पर चर्चा शुरू कर दी है तो इसमें हमारी रुचि भी बढ़ती जाएगी। पहले ही कठिन पर विचार मंथन करने से संभव है जिन चीजों पर हमारा बहुत नियंत्रण ना हो उनसे डर उत्पन्न हो और यह डर ही कहीं हमें सफलता से दूर ना ले जाए ,इसी कारण मैंने सोचा कि आज ड्रेस कोड पर ही बात करते हैं।
    ड्रेस कोड में मुख्य रूप से हमें ध्यान  देना होता है कि हम कैसे ज्यादा कंफर्टेबल फील करते हैं, दूसरी बात, मौसम के अनुकूल ड्रेस को तैयार करते हैं। 
ड्रेस कोड में सबसे पहले आते हैं कपड़ों पर । चूंकि अभी लेडीस फर्स्ट की बात होती है तो पहले महिलाओं के कपड़ों पर ही विचार करते हैं। हमारे उत्तर भारतीय क्षेत्र मुख्य रूप से बिहार ,यूपी में साड़ी और सूट को ही महिलाओं का मुख्य परिधान माना जाता है। इन दोनों में जिसमें भी कंफर्टेबल लगे वह पहना जा सकता है ।अमूमन हम जिन पदाधिकारियों को पसंद करते हैं उन्हें जिस तरह के ड्रेस में  देखते हैं उसे हम अपना सकते हैं, अपनाने की कोशिश भी करते हैं ।यद्यपि इन दिनों जींस कुर्ती का प्रचलन भी बढ़ रहा है परंतु अभी भी इसे हमारे समाज में पूर्णतः स्वीकृति नहीं मिली है ,खासकर महिला पदाधिकारियों के लिए ।अतः ज्यादा बेहतर होगा कि साड़ी या सूट में किसी एक का चयन किया जाए । रंगो का चुनाव अपनी  पसंद के अनुसार  कर सकते हैं परंतु,हमेशा ध्यान रखना होगा के साक्षात्कार के लिए जा रहे हैं किसी पार्टी में नहीं। यहां मैं अपने पसंद के कुछ कलर्स बताना चाहूंगी जिसमें प्रमुख रुप से जिन पर  लाइट कलर फबता है के लिए ,लाइट ग्रे, लाइट येलो ,लाइट पर्पल , लाइट क्रीम ,लाइट पिंक, लाइट स्काई ब्लू, लाईट ब्राउन इत्यादि में से किसी का चयन कर सकती हैं ,इसी प्रकार जिन पर डाक कलर सूट करता है वह मुख्य रूप से मरून, डार्क ग्रे,ब्राउन ,नेवी ब्लू, वाइन कलर इत्यादि में से किसी एक का चुनाव कर सकतीं हैं ।अब आते हैं पुरुषों के कपड़े के चुनाव में समानतया फॉर्मल शर्ट पैंट जो कि बहुत टाइट ना हो,का प्रयोग किया जाता है । शर्ट के कलर में स्काई ब्लू, ऑफ व्हाइट ,लाइट येलो जैसे कलर्स लिए जा सकते हैं वही पैंट के कलर में ब्लैक, डार्क नेवी ब्लू ,डार्क ग्रे इत्यादि का प्रयोग कर सकते हैं ।जाड़े का मौसम हो तो महिलाओं को कोट ,ब्लेजर , कार्डिगन जो कंफर्टेबल लगे पहन सकती हैं वहीं पुरुषों के लिए ब्लेजर और शूट का प्रचलन ज्यादा है, स्वेटर पहन के जाने में भी कोई मनाही नहीं है।
अब आते हैं बालों की सजा पर तो महिलाओं में सामान्यतः चोटी, जूड़ा अथावा खुले बाल जिस में भी कंफर्टेबल फील हो  रखने का प्रचलन है ।लंबे बालों में मुख्यतः चोटी और जूडा ज्यादा सूट करता है वही ब्लंट या बॉब कट हो तो खुला रखना ही होता है या किसी अन्य कट जैसे लेजर, थ्री स्टेप है तो उसे इस प्रकार से रखें जिससे कि आपका अथवा बोर्ड का ध्यान मेन मुद्दे से हटकर बालों पर ना जाए ।वहीं पुरुषों को भी यह ध्यान रखना होता है की उनके बाल दो-चार दिन पहले कटवा लें और आधुनिक समय में कई प्रकार के डिजाइनर कटिंग से थोड़ा बचें। परंतु यदि किसी कारणवश हेयर डिजाइनिंग करवा ही ली है तो इस विषय में ,इसके फैशन के विशेषज्ञों के बारे में पूर्ण जानकारी अवश्य लेनी चाहिए। जिनके बाल सफेद हो उन्हें 2 दिन पूर्व डाई कर लेना चाहिए तथा साक्षात्कार के दिन जेल का भी प्रयोग किया जा सकता है।
अब बात करते हैं चेहरे की, चेहरे पर ज्यादा मेक ओवर नहीं करते हुए सामान्य मोशुराइजर ,हल्की क्रीम इत्यादि लगाते हुए महिलाएं आइब्रो पेंसिल, हल्का लिपस्टिक का प्रयोग कर सकती हैं और पुरुष यदि दाढ़ी रखना पसंद करते हैं तो उसकी अच्छे से ट्रीमिंग और सेटिंग करवा लें ,अन्यथा साक्षात्कार के दिन सेविंग अवश्य करवा लेना चाहिए ।जो महिलाएं किसी भी सौंदर्य प्रसाधन का प्रयोग नहीं करती उन्हें उस दिन भी नहीं ही करना चाहिए परंतु चेहरा बहुत रुखा ना लगे इसलिए कोई अच्छा मोस्चूराइजर का प्रयोग तो करना ही चाहिए ।साथ हीं गर्मी के दिनों में फेस वाइप्स अपने पर्स में अवश्य रखना चाहिए और उसका प्रयोग करना चाहिए।
अब बात करते हैं आभूषण के शौकीन प्रत्याशियों के लिए  , महिलाएं मुख्य रूप से कानों में छोटे-छोटे टॉप्स या बाली ,नाक में छोटी सी किल, गले में हल्का चैन, हाथों में एक या दो चूड़ी,घड़ी अगर शौकीन है तो एक दो अंगूठी पहन सकती हैं। वहीं पुरुषों के लिए यदि बहुत शौकीन है तो अंगूठी और घड़ी मान्य है। यहां एक बात पर विशेष ध्यान आकर्षित करना चाहूंगी कि कई बार कुछ लोग पत्थरों की अंगूठियां पहनते हैं वैसे तो इन्हें निकाल कर ही जाना चाहिए परंतु यदि पहन कर जाना बहुत जरूरी है तो उस पत्थर के विषय में पूर्ण जानकारी अवश्य रखनी चाहिए।
अब बात करते हैं जूते -चप्पल की, यहां फिर मैं यही कहूंगी कि जूते -चप्पल का चुनाव भी अपने कंफर्टेबिलिटी के आधार पर ही करें ।महिलाएं अपने लिए सैंडल ,जूती इत्यादि का प्रयोग कर सकती हैं परंतु यह ख्याल रखें की पेंसिल हील ना हो ,क्योंकि जरूरी नहीं है कि आयोग में हर जगह एक जैसी सतह मिले ।साथ ही ,स्पोर्ट्स शूज को भी साड़ी या सूट पर पहनना उचित नहीं होगा यदि हिल पसंद नहीं है या उसमे कंफर्टेबल नहीं है तो सिंपल फ्लैट जूती पहन लें। पुरुषों को पॉलिश्ड किए हुए जूते के साथ नए जुराबों का प्रयोग अथवा यदि पुराने हैं तो पूरी तरह धुले हुए होना अति आवश्यक होगा ,कहीं से भी पहले प्रयोग किए हुए जुराबों को पहनने से उसकी दुर्गंध से व्यक्तित्व पर गलत छाप पढ़ सकती है।
अंततः आते हैं परफ्यूम या डियो के प्रयोग पर , तो प्रयास करना चाहिए कि उस दिन हल्की खुशबू वाली डीओ का प्रयोग करें ,यदि परफ्यूम बहुत पसंद है तो लाइट फ्रेगरेंस का ही प्रयोग करें इससे व्यक्तित्व में और भी निखार आ जाता है। कभी भी भूल कर भी हार्ड एसेंट वाले परफ्यूम का प्रयोग नहीं करना चाहिए।
अब बारी आती है कि साक्षात्कार में यह चीजें कितनी महत्वपूर्ण है मेरा मानना है यह चीजें महत्वपूर्ण है गुड लुकिंग होना भी बहुत जरूरी है परंतु हमारे परिधान से कहीं से भी ऐसा प्रतीत नहीं होना चाहिए कि हम कहीं एक्सपोज कर रहे हैं। उससे भी महत्वपूर्ण बात, साक्षात्कार में प्रत्याशी की दृढ़ता उनका आत्मविश्वास ,जानकारी,अपना पक्ष रखने की कला और विपरीत परिस्थिति में अपनी बातों पर अडिग रहते हुए उन्हें संभालने का  कौशल ही परिणाम दिलाते हैं। सभी प्रत्याशियों को ढेर सारी  शुभकामनाओं के साथ आज की बात को यहीं विराम देते हुए प्रयास करूंगी कि अगले ब्लॉग में आपके आपके लिए और ज्ञानवर्धक जानकारी साझा कर सकूं।
 धन्यवाद🙏🙏🙏🙏
............ क्रमशः.....................

Monday, 27 July 2020

"वो पहला साक्षात्कार"

बिहार लोक सेवा आयोग के 64 वीं  मुख्य परीक्षा का तथा 65 वी प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम निकल चुके हैं । ज़ाहिर-सी बात है कि जिन अभ्यर्थियों ने परीक्षा पास की है वह अगली परीक्षा हेतु अपना सर्वस्व लगाकर मेहनत भी कर रहे होंगे। सबसे पहले सफल अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं तथा जिन लोगों का किसी कारण से रिजल्ट नहीं आ सका उन्हें मैं कोई सलाह नहीं दूंगी बल्कि यही कहूंगी की मोहम्मद गौरी की विजय की कहानी अवश्य पढ़ लेंगे। खैर,अब आते हैं मुद्दे पर क्यूंकि लॉकडाउन के कारण चाह कर भी बहुत सारी वीडियो नहीं बना पाई तो अपने मन की कुछ बातों को ब्लॉक पर ही साझा कर लेने का विचार आया। अपने विद्यार्थियों तथा पाठकों से बी.पी.एस.सी. के साक्षात्कार की किसी रणनीति पर विचार करने से पूर्व मैं अपने कुछ अनुभव साझा करना चाहूंगी, बात उन दिनों की है जब मैं अपनी स्नातक तृतीय वर्ष की परीक्षा देकर एक विवाह समारोह में बोकारो गई थी जिसमें मेरे मामा भी आए थें।बातों-बातों में उन्होंने बताया कि बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के पद के लिए विज्ञापन आया है इसमें अर्थशास्त्र विषय के इच्छुक अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। चूकिं अंतिम तिथि तक स्नातक का रिजल्ट निकल गया था तो उक्त पद पर आवेदन भर दिया गया।क्योंकि हमेशा से ही प्रशासन में जाकर सेवा देना अपना लक्ष्य बना रखा था तो एम. ए. में दाखिला लेना भी नहीं चाहती थी।परंतु,मेरे महाविद्यालय के पुस्तकालय अध्यक्ष श्री भूपेंद्र नारायण सिंह (जो कई क्षेत्रों में मेरे मार्गदर्शक भी रहे हैं और जिनका में अत्यंत ही सम्मान करती हूं )मित्रों इत्यादि के द्वारा दिए गए सलाह ,सुझाव या यूं कहें कि इनके द्वारा कन्वींस किए जाने से अर्थशास्त्र एम. ए. में मेरा दाखिला भी हो गया । दूसरी तरफ परिवार में कुछ आर्थिक तंगी और छोटे भाई भाइयों की पढ़ाई की चिंता ने मुझे ट्यूशन पढ़ाने को प्रेरित किया और मेरे प्रथम बैच के विद्यार्थी मेरे दोनों छोटे भाई और उसके दो मित्र हुए।धीरे-धीरे यह बैच 10 बच्चों में परिणत हो गया,संख्या और बढ़ने पर बैच भी बढे।यह क्रम अभी चल ही रहा था कि संजोग से इलाहाबाद जाने और रहने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।26 जून, 2005 को इलाहाबाद पहुंची हॉस्टल और एक कोचिंग संस्थान "ब्रह्म" में मुख्य परीक्षा हेतु हेतु दाखिला लिया। अगस्त 2005 में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी पद हेतु प्रारंभिक परीक्षा की तिथि निर्धारित कर दी गई। अभी कोचिंग का "क" भी नहीं समझ पाई थी और पी.टी. की परीक्षा सर पर।मैंने तय किया कि इस बार परीक्षा में सम्मिलित नहीं होना परंतु, वहां कोचिंग में मेरी मुलाकात हुई गौरव मिश्रा जी से जो आज मेरे सबसे अच्छे मित्र हैं और परिवार की सदस्य की तरह है ,उन्होंने समझाया एग्जाम देने में क्या हर्ज है ,देना देना चाहिए। क्योंकि अभी-अभी पहचान हुई थी तो ना ज्यादा ज़िद उन्होंने की और ना ही मैंने अधिक बहस। परंतु हॉस्टल आ कर उनकी बातों को सोचा तो लगा की बातों में तर्क है और फिर मैं एग्जाम दे आई। पी.टी. का पेपर देखा तो वैसे बहुत सारे प्रश्न थे जो मैं भाईयों को पढ़ाया करती थी और अपने स्नातक में पढ़ा था, एग्जाम देकर प्रश्न भी नहीं मिलाया और भूल गई।2006 की जुलाई में मुझे सब कुछ समेट कर छपरा ,अपने पैतृक घर आना पड़ा। मैंने उन्हीं परिस्थितियों को स्वीकार करते हुए पढ़ाई जारी रखा और एम.ए. करने में जुट गई ,लगा कि पढ़ाई छोड़ देने से अच्छा है कि कुछ तो पढ़ा जाए ।इस क्रम में सदैव एक ही बात दिमाग में चलती रहती कि जो भी लिखा है किताबों में ही है ना चाहे कक्षाएं चले या ना चलें, लाइब्रेरी से  किताबें इश्यू करवाती( साथ हीं साथ प्रतियोगी परीक्षा की  किताबें भी ज़िद करके लेे लेती) और पढ़ते रहती। खैर, इसी क्रम में नवंबर 2006 में रिजल्ट आने के 15 दिनों बाद ज्ञात हुआ  की पी. टी. में मेरा रिजल्ट सकारात्मक है। इसी बीच जे.पी.एस.सी. की पी.टी. का भी रिजल्ट सकारात्मक आ गया। सप्ताह  भर के अंदर दो - दो रिजल्ट आना ,समझ ही नहीं पा रही थी कि अब क्या करूं। दादाजी (जो मेरे हीरो थे ,अत्यंत बीमारी के कारण दिल्ली में पापा और चाचा के साथ) खैर हिम्मत करके मामा (जिनके ऋण से शायद में कभी बरी नहीं हो पाई) से बात की ,पापा से पूछा और अंततः पटना में ही तैयारी हेतु मन बना लिया। एक कोचिंग भी ज्वाइन किया जो त्रिपोलिया में था।अब कंकड़बाग से त्रिपोलिया जाना-आना (डेढ़ घंटे जाने और डेढ़ घंटे आने में पैदल चलना फिर  ऑटो का धुआं झेलना) और संतुष्टि की पढ़ाई भी नहीं हो पाना, चिढ़ कर दो महीने में छोड़ दिया और स्वयं को स्वाध्याय में झोंक दिया ।साथ ही यही मंत्र जाप करती रही कि पूछेगा तो किताबों से ही ना। जब मुख्य परीक्षा का पेपर देखा तो लगा कि स्नातक का पत्र लिखना है परंतु सामान्य ज्ञान में बहुत सहज नहीं लगी।अंत में मुख्य परीक्षा भी समाप्त हो गई,संजोग कहे या पत्थर पर पूर्व के चोट का प्रभाव (पहले की कड़ी मेहनत ) मुख्य परीक्षा का परिणाम भी सकारात्मक आया। अब बारी थी साक्षात्कार की, आशा करती हूं आप उस समय की मेरी मनःस्थिति की परिकल्पना कर सकते हैं।फिर भी एक कोचिंग संस्थान में दाखिला लिया गया जहां बहुत ही विद्यार्थी जो काफी सीनियर थी और बी.पी.एस.सी. भी दे चुकी थी ,डर भी लगता था और संकोच भी होता था। साथ-ही शिक्षकों द्वारा बताई गई कई बातें तो जैसे सर से ऊपर चली जाया करती थी। परंतु वहां बताई गई सभी बातों में एक बात मेरे दिमाग में बैठ गई "साक्षात्कार कक्ष से निकलते समय पीछे की तरफ से ही निकलना चाहिए क्योंकि यह हमारे लिए मंदिर होता है"। अंततः 14 सितंबर को साक्षात्कार का दिन भी आया, मेरे बोर्ड में महिला अध्यक्ष के साथ उनके  सहयोगी भी थे।क्यूंकि तब बहुत अक्ल और जागरूकता भी इतनी नहीं थी कि अध्यक्ष और अन्य सदस्यों का नाम देखा जाए ,पढ़ा जाए और याद रखा जाए तो आज भी याद नहीं, कई प्रश्न पूछे गए जिसमें एक प्रश्न "मानसिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए ऐसा कोई इंटरटेनमेंट सामग्री बनाना हो जो दृश्य और श्रव्य दोनों हो तो क्या करोगी" यह प्रश्न अध्यक्ष महोदया द्वारा ही पूछा गया था।पहली बार में यह प्रश्न समझ नहीं आया तो मैंने कहा मैम समझी नहीं कि प्रश्न क्या है ,तो उन्होंने प्रश्न दोहराया मैंने तब भी कहा कि मैम मैं अभी भी नहीं समझ पा रही कि प्रश्न क्या है, जब उन्होंने तीसरी बार प्रश्न को दोहराया तो मैंने तपाक से जवाब दिया इसमें क्या है उसके लिए ऑडियो - वीडियो सी.डी. बनवा दूंगी। पूरी टीम खुल कर हंस पड़ी और अध्यक्ष महोदया ने  कहा कि यही तो पूछना चाहती थी, मैंने सहज होते हुए कहा क्षमा प्रार्थी हूं मैं पहले प्रश्न ही नहीं समझ पाई थी ।खैर, और कुछ प्रश्नों के साथ साक्षात्कार समाप्त हुआ। अब आती है सबसे मजेदार क्षण की बारी जो मुझे सदैव याद रहता है और शायद आजीवन याद रहेगा- "बाहर निकलने की प्रक्रिया" क्योंकि कोचिंग में तो बताया गया था कि मंदिर से निकलना है अतः मैं भी उसी प्रकार सभी को नमस्कार करते हुए निकली और जैसे ही दरवाजे के पास पहुंची थी कि एक सदस्य जिन्होंने शायद मुझसे कोई प्रश्न नहीं किया था उन्होंने पूछा कि ऐसे निकलने के लिए आपको किसने बताया है ?क्या किसी कोचिंग में ऐसा करने को कहा गया है? मैंने भी बड़े भोलेपन से कहा जी सर ,तब उन्होंने कहा कि आप भविष्य में ऐसा कभी मत करना इससे अत्यंत ही नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। अचानक मेरे मुख से मुस्कुराते हुए निकला जी सर मैं सदैव ध्यान रखूंगी परंतु प्लीज आप इसका नेगेटिव मत लीजिएगा, क्योंकि मैंने वही किया जो मुझे बताया गया था और पुनः एक बार सभी सदस्य ठहाका लगाकर हंस पड़े। अंततः उनसे अनुमति लेे कर मैं बाहर निकाल गई।समझ नहीं पा रही थी कि सभी मेरी नासमझी पर हंसे या मेरे भोलेपन पर।जब आयोग से बाहर निकली तो यह वाकया पापा और मामा को बताया।बात बीती बातों की तरह बीत  गई। अंततः जब परिणाम आया तो साक्षात्कार में कुल 60 अंकों में 43 अंक जो शायद सेकंड हाईएस्ट था और कोई अंक मुझे बिल्कुल याद नहीं।
      आप सभी से यह अनुभव साझा करने का मुख्य उद्देश्य यही है कि कड़ी मेहनत,कुशल रणनीति अपनाते हुए  स्वयं को अपने वास्तविक रूप में प्रस्तुत करने की कला,विपरीत स्थिति उत्पन्न होने पर भी खुद को संयत रखते हुए उसे संभालने की कला को उभार कर किसी भी परीक्षा के पी.टी.,मुख्य और साक्षात्कार परीक्षा तो पास किया ही जा सकता है साथ - हीं एक कुशल ऑफिसर बनने में भी सहायक होगा।

............................... क्रमशः

Sunday, 26 July 2020

कारगिल विजय दिवस

भारत और पाकिस्तान का बंटवारा 15 अगस्त,1947 ई. को होना ऐसा प्रतीक बना जैसे एक परिवार का बंटवारा और एक चूल्हा से दो चूल्हे में परिणत हो जाना। हमारे यहां भोजपुरी में एक कहावत है "बांटल भाई पड़ोसी" जैसे ही परिवार का बटवारा हो गया वैसे ही परिवार पड़ोसी में तब्दील हो जाते हैं और पड़ोसियों के बीच तो  दूसरे की तरक्की को देखकर द्वेष होना लाज़मी ही है। ऐसी ही स्थिति  हमारे देश 'भारत वर्ष' और हमारे पड़ोसी देश 'पाकिस्तान' के साथ भी उत्पन्न हुई। भारत तो बड़े भाई की भूमिका में रहा और अपने प्राचीन विचारों को लेकर "वसुधैव कुटुंबकम" और "शांतिप्रियता" को बनाए रखना चाहा परंतु पाकिस्तान से भारत की तरक्की बर्दाश्त नहीं हो पाई जिसके कारण अभी तक दोनों देशों को  चार युद्धों 1948 ,1965,1971 एवम्1999 का सामना करना पड़ा, जिसमें कभी भी पहल भारत द्वारा नहीं की गई तथा किसी भी युद्ध में विजय श्री ने अपनी वरमाला पाकिस्तान के गले में नहीं डाली। 1948 में कश्मीर के महाराज को 'इंस्ट्रूमेंट ऑफ एक्सेशन' पर हस्ताक्षर करने पड़े इस युद्ध में भारत को कश्मीर के कुल भौगोलिक क्षेत्र के लगभग दो-तिहाई हिस्से (कश्मीर घाटी जम्मू और लद्दाख) पर तथा पाकिस्तान को लगभग एक तिहाई हिस्से (गुलाम कश्मीर और गिलगित बालटिस्तान) पर अधिकार प्राप्त हुआ। 1965 का भारत-पाक युद्ध "ऑपरेशन जिब्राल्टर" से प्रारंभ होकर "ताशकंद समझौते" पर समाप्त घोषित हुआ। 1971 के युद्ध ने तो पूर्वी पाकिस्तान को "बांग्लादेश" नामक नए देश में ही तब्दील कर दिया। यह तत्कालीन सोवियत रूस की मदद और प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की रणनीतियों की सफलता का परिचायक है। 1999 के कारगिल युद्ध का प्रारंभ पाकिस्तानी घुसपैठ "ऑपरेशन बद्र" में छिपे हुए थे जिसका अंत भारत ने "ऑपरेशन विजय" से किया।इस ऑपरेशन में पाकिस्तान के नापाक मंसूबों पर पानी फेरने के लिए दो लाख भारतीय सैनिकों को भेजा गया। औपचारिक रूप में 26 जुलाई ,1999 को इस युद्ध की समाप्ति की घोषणा भारत विजय के साथ की गई।इस बार विजय श्री की वरमाला प्राप्त करने हेतु 550 रणबांकुरों ने अपने प्राणों की आहुति दी और 1400 के करीब  बुरी तरह घायल भी हुए ।आइए आज 26 जुलाई, 2020 ईस्वी को अपने शहीद और जांबाज जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि के साथ-साथ यह विश्वास दिलाएं कि जब वे युद्ध के मैदान में हमारे लिए अपने प्राणों की आहुति देने से भी नहीं कतराते तो उनकी गैर हाजरी में हम उनके प्रति कृतज्ञता का भाव प्रकट करते हुए जो भी संभव हो उनके परिवार के लिए अवश्य ही करेंगे आज उन वीर जवानों को शत शत नमन जिन्होंने मातृभूमि की रक्षार्थ स्वयं को समर्पित कर दिया🙏🙏🙏🙏🙏💐💐💐💐💐
"भारत माता की रक्षा प्रत्येक भारतीय का प्रथम कर्तव्य"

Tuesday, 21 July 2020

स्थितप्रज्ञ होना और बने रहना

मनुष्य की वह दशा जब वह सुख - दुख, मान - अपमान, खुशी - गम , क्रोध व भय इत्यादि जैसी तमाम दशाओं में तटस्थ रह सकने की मानसिक स्थिति प्राप्त कर ले तो उसे "स्थितप्रज्ञ" की संज्ञा दी जाती है। श्रीमद भगवत गीता में श्री कृष्ण द्वारा भी वर्णित है कि दुख भोगते हुए भी जिसके मन में उद्वेग नहीं होता और ना ही जो सुख की लालसा रखता है तथा जिसके हृदय में क्रोध, मोह,भय इत्यादि विकारों के लिए कोई स्थान नहीं होता वह मनुष्य स्थितप्रज्ञ है। जब पहली बार इस शब्द से साबका हुआ बड़ा सामान्य सा लगा कि यदि मानव चाहे तो बिना किसी से कोई अपेक्षा रखे इस स्थिति को प्राप्त कर सकता है और इसी क्रम में यह उत्कंठा मेरे मन में भी उठी जब 12 वर्ष की अवस्था में पहली बार श्रीमद भगवत गीता का अध्ययन किया।एक बार  जब उत्कंठा आ गई तो उस पथ पर पग शनै- शनै बढ़ते भी गए और इसके लिए सहायक बना- कर्म मार्ग ,कर्म योग। इसमें प्राकृतिक नियमों के साथ- साथ नियमित योग, साधना और ध्यान का भी अत्यंत ही महत्वपूर्ण स्थान होता है जिसे अपनाया भी।डगर कठिन थी,परंतु एक लक्ष्य निर्धारित किया था कि संसार में रहकर भी सांसारिकता से मुक्त होने की स्थिति कैसी प्रतीत होती है इस गुड़ का अनुभव किया जाए। अब गुड़ की मिठास तो मिठास है, यह तो सिर्फ खाने वाला ही समझ सकता है और चाह कर भी वह किसी को बता नहीं पाता ,इस सार्वभौमिक सत्य की स्थिति मेरे साथ भी घटित हुई प्रतीत होती है, किन शब्दों में वर्णित करूं कि इस क्रम में किस प्रकार की विशेष अनुभूतियां होती रहींऔर अंततः 29 वर्ष की अवस्था में यह प्रतीत हुआ की आत्मा ने वह स्थिति प्राप्त कर ली है। परंतु स्थितप्रज्ञ होना और बने रहना दोनों एक नहीं है।क्यूंकि हम सांसारिक वातावरण में रहते हैं और वातावरण में घटित घटनाओं से प्रभावित भी होते हैं ऐसा प्रतीत हो रहा है की स्थित प्रज्ञ स्थिति को बनाए रखना कठिन होता है और शायद इसी कारण पूर्व में एकांतवास का तथा एक समय के पश्चात इस ओर बढ़ने की प्रेरणा तथा सलाह दी जाती रही है। वर्तमान समय में क्रोध, मोह ,अपेक्षा इत्यादि जैसी स्थितियों में विचलन की स्थिति उत्पन्न हो रही है पुनः एक बार उस ओर मार्ग प्रशस्त करने को प्रयासरत जिससे उस दशा को प्राप्त किया जा सके जिसमें तटस्थ रहते हैं ।इस बार खोज स्थितप्रज्ञ बने रहने की विधा के लिए......