'कलम के सिपाही' की उपाधि बिरलेे को ही नसीब होती होगी जब एक पिता को उनके ही पुत्र द्वारा प्रदान किया गया जो स्वर्गीय धनपत राय इन्होंने लिखना तो उर्दू में प्रारंभ किया परंतु हिंदी साहित्य के आकाश पुंज में "प्रेमचंद" नाम से स्वयं को ध्रुव रूपी जगमगाते सितारे के रूप में स्थापित कर डाला। उनकी यथार्थवादी लेखनी ने हिंदी साहित्य को वह अमूल्य धरोहर प्रदान की जिसे थाती के रूप में संजोए रखने हेतु वर्तमान और भावी पीढ़ी को सदैव तत्पर रहना होगा।किसी भी रचना के पात्रों की भूमिका को शब्दों के माध्यम से इस प्रकार चित्रण करना मानव पढ़ने वालों के समक्ष साक्षात चलचित्र चल रहा हो,उनकी लेखनी में स्पष्ट झलकता है ।वह 'गबन' की ' जालपा ' या 'निर्मला' की ' निर्मला ' स्त्री के चरित्र का वह मार्मिक वर्णन ऐसा प्रतीत होता है जैसे पुरुष शरीर से आत्मा निकल कर स्त्री शरीर धारण कर लिया हो तथा स्वयं अपने पात्रों के जीवन को जी लिया हो और फिर उनकी व्यथा को शब्दों में गढ़ दिया हो। यदि पुरुष पात्रों की बात की जाए तो "पूस की रात"का "हरकू" या "गोदान" का "होरी" या फिर "निर्मला" का "तोता राम" इनके पात्रों की मनःस्थिति का शाब्दिक वर्णन तत्कालीन समाज के उस वर्ग की ज्वलंत स्थिति को प्रकट करती है। बाल मन से भी उन्होंने स्वयं को अछूता नहीं रखा, बालपन की विभिन्न तरंगों की व्याख्या उनकी कृति "ईदगाह" में पढ़ने को मिलती है जो हामिद के मन में बारंबार उठती है।
प्रेमचंद ने अपने तत्कालीन समाज के सर्वसाधारण वर्ग को अपनी लेखनी का माध्यम बनाया जिसमें दलित,मजदूर, किसान, और महिला वर्ग की मजबूरी,उनकी वेदना, उनकी खुशी को इस प्रकार शब्दों में पिरोया कि वह जनमानस का अपना-सा हो गया और उसे इतनी ख्याति मिली कि आज उनकी रचनाओं पर शोधार्थियों द्वारा शोध कार्य किया जाता है। उनकी साहित्यिक कृतियों का अंग्रेजी,रूसी,जर्मन इत्यादि अनेक भाषाओं में अनुवाद तो हुआ ही साथ-ही-साथ हिंदी सिनेमा जगत में भी "द मिल मजदूर", "सेवा सदन","गबन", "गोदान", "शतरंज के खिलाड़ी", "सद्गति" इत्यादि जैसे पुरस्कृत फिल्मों का निर्माण भी हुआ। दूरदर्शन पर गुलज़ार साहब कृत "तहरीर.....मुंशी प्रेमचंद" नामक धारावाहिक का भी प्रसारण किया गया जिसे दर्शकों द्वारा खूब सराहा गया। इस धारावाहिक के पात्रों ने भी अपनी भूमिका इस तरह निभाई की उस समय यह धारावाहिक जनमानस में अत्यंत लोकप्रिय हो गई। इनकी लेखनी से बंगाली साहित्यकार शरतचंद्र चट्टोपाध्याय इतने प्रभावित हुए कि मुंशी जी को "उपन्यास सम्राट" की उपाधि तक दे डाली ,जबकि इनके पुत्र जो प्रसिद्ध साहित्यकार अमृत राय के नाम से जाने जाते हैं ने इन्हें "कलम का सिपाही" कहकर एक इतिहास ही रच डाला।
ऐसे महान युगपुरुष को उनकी 140 वी जयंती पर शत शत नमन🙏🙏🙏🙏💐💐💐
No comments:
Post a Comment