समेकित बाल विकास सेवाएं अंतर्गत फरवरी , 2023 से प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह को पोषण निगरानी / वृद्धि निगरानी सप्ताह के रूप में मनाए जाने का निर्णय लिया गया है ।इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों का समय से वजन माप करना,आवश्यकतानुसार जरूरतमंद बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) भेजना, लंबे समय तक कुपोषित रहने वाले बच्चों के अभिभावकों को उचित परामर्श देते हुए उनके स्वास्थ्य में सुधार हेतु आवश्यक कदम उठाना आदि है। वृद्धि निगरानी को स्पष्ट करते हुए कहा जा सकता है कि आंगनवाडी सेविकाओं द्वारा अपने केंद्र अंतर्गत पंजीकृत प्रत्येक बच्चे की एक निश्चित समय अवधि पर शारीरिक माप लेकर उनकी पोषण स्थिति ,शारीरिक वृद्धि और विकास का पता लगाया जाता है। बच्चों की उम्र के अनुसार उचित वृद्धि उनके न केवल स्वस्थ रहने बल्कि मानसिक और बौद्धिक क्षमता की वृद्धि से भी संबंधित है ।जीवन के प्रारंभिक वर्षों में विकास उनके वयस्क होने के उपरांत स्वास्थ्य, पोषण और उत्पादकता को अत्यंत ही प्रभावित करता है।
वृद्धि निगरानी के माध्यम से बच्चों की निगरानी के दौरान माता को समय से स्वास्थ्य एवं पोषण शिक्षा दिया जाना संभव हो पाता है तथा प्रारंभिक स्थिति में वृद्धि अवरोध और वजन में कमी की जानकारी भी संभव हो पाती है जिससे बच्चों की वजन ग्रेडिंग निर्धारण के साथ पूरक पोषाहार की विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान होती है। वृद्धि की दर जीवन के प्रारंभिक वर्षों में सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। विभिन्न शोध पत्रों से ज्ञात हुआ है कि बच्चों के दिमाग का 80% विकास प्रारंभ की 2 वर्षों में ही होता है । जन्मोपरांत पांच माह की अवस्था पूर्ण करने तक जन्म के समय के वजन का दोगुना वजन तथा एक वर्ष की अवस्था पूर्ण होने तक तीन गुणा वजन बढ़ता है ।इसी के साथ 1 वर्ष पूर्ण होते होते लंबाई में 25 सेंटीमीटर की वृद्धि होती है दूसरे वर्ष में 12 सेंटीमीटर तीसरे वर्ष में 9 सेंटीमीटर चौथे वर्ष में 7 सेंटीमीटर तथा पांचवें वर्ष में 6 सेंटीमीटर की वृद्धि होनी चाहिए। वही वजन की बात की जाए तो 3 माह तक में 200 ग्राम 4 से 6 माह तक में 150 ग्राम 7 से 9 माह तक में 100 ग्राम तक की बढ़ोतरी होती है ,इसके पश्चात 10 से 12 माह तक में 50 से 75 ग्राम 12 से 24 माह तक में 2500 ग्राम और 24 से 60 माह तक 2000 ग्राम वृद्धि होनी चाहिए।
वृद्धि निगरानी के विभिन्न चरण :
- बच्चे की जन्म तिथि का सही निर्धारण करना,
- लिंग के अनुसार वृद्धि चार्ट पर बच्चे का माप सही तरीके से अंकित करना अर्थात बालकों के लिए नीला तथा बालिकाओं के लिए गुलाबी रंग के वृद्धि चार्ट का प्रयोग किया जाए,
- प्रत्येक वृद्धि चार्ट में वृद्धि रेखा की दिशा समझना और जांचना कि क्या वृध्दि पर्याप्त है, - - -देखभालकर्ता को सही सलाह देना ।
यदि वृद्धि चार्ट में हरे रंग के खेमे में वृद्धि रेखा ऊपर की ओर बढ़ती हुई रहे तब मां को शाबाशी देते हुए उम्र के अनुसार आहार एवं भोजन तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने का परामर्श दिया जा सकता है। यदि वृद्धि रेखा समानांतर है तब बच्चे की आहार की मात्रा अथवा बीमारी के लक्षण अथवा भूख ना लगने के विभिन्न अन्य कारणों के विषय में जानकारी प्राप्त करते हुए बच्चे की भोजन की पौष्टिकता को बढ़ाने के साथ-साथ आहार की विविधता बनाए रखने की सलाह दी जानी चाहिए, बीमारी की स्थिति में चिकित्सीय परामर्श का अनुपालन करने हेतु विशेष देखभाल के लिए परामर्श दिया जाना चाहिए। यदि वृद्धि रेखा नीचे की ओर आती हुई इंगित हो रही है तब देखभालकर्ता से बच्चे की बीमारी अथवा वजन में अत्यधिक गिरावट के कारणों का पता लगाते हुए बीमारी की स्थिति में आहार तथा विविधता पूर्ण आहार के विषय में जानकारी देते हुए चिकित्सीय परामर्श का पूर्ण अनुपालन करने की सलाह दी जानी चाहिए, साथ ही 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की स्थिति में ऊपरी आहार के साथ-साथ मां का दूध अर्थात स्तनपान कराते रहने संबंधी परामर्श भी दिया जाना अपेक्षित है।
वृद्धि निगरानी संबंधी संपूर्ण जिम्मेदारी आंगनवाड़ी सेविका की है परंतु इनके सहयोग के लिए आंगनवाड़ी सहायिका तथा आशा दीदी भी रहेंगी जो 0 - 5 वर्ष तक के सभी पंजीकृत बच्चों की पोषण ट्रैकर पर अपलोडिंग के लिए अपना सहयोग देंगी। वजन मापने हेतु वजन मशीन तथा उसका पोषण ट्रैकर एवं मातृ शिशु सुरक्षा कार्ड (एम.सी. पी. कार्ड) पर अंकन किया जाना अति आवश्यक है। चुकीं जीवन की प्रथम हजार दिवस "सुनहरे दिवस" कहलाते हैं अर्थात गर्भवास्था के 270 दिवस ,प्रथम वर्ष के 365 दिवस तथा द्वितीय वर्ष के 365 दिवस ।दूसरे शब्दों में यूं कहें कि गर्भाधान से दो वर्ष की अवधि में हुए विकास पर संपूर्ण जीवन की आधारशिला टिकी हुई होती है जिसमें विकास के पांचों आयाम - शारीरिक,मानसिक,भाषा,बौद्धिक एवम संज्ञानात्मक विकास आ जाते हैं। यदि सर्वांगीण विकास की इन आयामों का पांच से छह वर्षों तक में पूर्णतः ध्यान दिया गया हो तो वह व्यक्ति के प्रौढता की अवस्था तक में मददगार होता है, एक अच्छे व्यक्तित्व के निर्माण की आधारशिला रखता है। एक स्वस्थ शरीर में हीं स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है । शुरुआती दो वर्ष तो सुनहरे वर्ष घोषित हैं क्यूंकि इस अवधि में हुआ विकास संपूर्ण जीवन के लिए अमृत समान है वहीं इस अवधि में हुई क्षति अपूरणीय क्षति मानी जाती है।इसके साथ हीं दो वर्ष से छह वर्ष तक बच्चों की उस बुनियाद, उस नीव का निर्माण होता है जिसपर उनके जीवन रूपी अट्टालिका खड़ी हो पाती है। अब यह वास्तव में मजबूत अट्टालिका बन पाता है या मकान अथवा कमजोर नीव वाली झोपड़ी यह उनके 6 वर्ष तक की सम्पूर्ण देखभाल द्वारा किए गए सर्वांगीण विकास पर निर्भर करता है। इसका अवलोकन करना ना केवल आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं बल्कि हर उस व्यक्ति पर है जो स्वयं को एक जिम्मेदार नागरिक मानता / मानती हैं। प्रारंभिक 6 वर्ष तक बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु आवश्यक देखभाल जहां हर बालक/ बालिका का अधिकार है वहीं इसकी पूर्ति करना हर अभिभावक की जिम्मेदारी, कर्तव्य और दायित्व भी है।आइए वृद्धि निगरानी से हीं इसकी शुरुआत करते हैं क्योंकि जैसे हीं हम और आप मिल कर कतार में खड़े होते हैं दृढ़ विश्वास है कि कारवां बनता हीं चला जाएगा।
डॉ. दर्शना कुमारी ( स्वतंत्र लेखिका )
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी।