गुरुकुल" शब्द मात्र से हमारे कल्पनातीत मन - मस्तिष्क में एक ऐसी व्यवस्था का चित्रण होता है जहां एक शांत, पवित्र और सात्विक स्थल पर गुरु के निकट कुछ शिष्यों का विद्या अध्ययन संस्कार पूर्ण होता है ।शाब्दिक अर्थ अथवा सामान्य अर्थ में वह स्थल जहां विद्यार्थी गुरु के कुल का अर्थात उनके परिवार का सदस्य बनकर शिक्षा प्राप्त करते हैं गुरुकुल है।
प्राचीन समय में गुरु - शिष्य परंपरा की यह परिपाटी अत्यंत ही प्रचलित थी ,जहां राजपुत्र और सामान्य जन एक ही गुरु के शिष्य बन शिक्षा प्राप्त करते थे ,उदाहरण स्वरूप श्री राम और उनके भाइयों के साथ - साथ निषादराज की शिक्षा एक साथ होना और ऐसे तमाम अन्य उदाहरण भी हैं। परंतु यह तो प्राचीन परंपरा की बातें हैं जिसका आज हम अनुमान मात्र लगाते हैं कि शिक्षा - दीक्षा की प्रणाली ऐसी रही होगी जिसमें राजनीतिक, धर्म ,शोध (विभिन्न अस्त्र-शस्त्र से संबंधित), योग ,दर्शन, विज्ञान आदि विषयों का अध्ययन और स्वाध्याय संपन्न किया जाता रहा होगा।इसी पक्ष को जब वर्तमान परिप्रेक्ष्य में रखकर मंथन किया जाए तो हमें इसकी उपयोगिता और प्रासंगिकता के साथ-साथ इसकी आवश्यकता भी महसूस होगी भले ही उसके रूप में थोड़ा परिवर्तन अपेक्षित हो।
जैसा की मैंने पूर्व में ही स्पष्ट किया है कि यह मेरे मस्तिष्क की एक कल्पना मात्र है कि आज का गुरुकुल कैसा होना चाहिए? सर्वप्रथम प्राचीन परंपरा की ऋणी रहते हुए उसके कुछ पक्षों को लेने हेतु तथा आधुनिक विज्ञान और कुछ विलुप्त होती कलाओं के खोजकर्ताओं और प्रचारकों को कोटि-कोटि धन्यवाद ज्ञापित करते हुए तथाअपनी कल्पना को शब्दों में गढ़ते हुए आपके समक्ष प्रस्तुत कर रही हूं। इस कड़ी में स्कूल पूर्व प्रारंभिक शिक्षा से पूर्व की शिक्षा से प्रारंभ करने का प्रयास कर रही हूं। विभिन्न शोध- रिपोर्ट के माध्यम से यह बात स्पष्ट हो गई है कि मनुष्य के मस्तिष्क का लगभग 85% विकास गर्भावस्था से 6 वर्ष तक की उम्र तक हो जाती है अतः उसे शिक्षित करने की प्रारंभिक व्यवस्था गर्भावस्था से ही प्रारंभ होनी चाहिए और प्रत्येक गर्भवती स्त्री को गुरुकुल के विद्यार्थी के रूप में नामांकित करते हुए उन्हें मानसिक रूप से सुदृढ़ करने और पौष्टिक आहार के सेवन के साथ-साथ सात्विक और खुशनुमा माहौल बनाने की विधि बताई जानी चाहिए ।इस स्थिति के लिए अत्यधिक धनाढ्य होने के स्थान पर मानसिक रूप से दृढ़ता की अधिक आवश्यकता है, यहां देवी सीता का उदाहरण देना चाहूंगी क्योंकि उन्होंने अपनी गर्भावस्था में वन में रहते हुए अत्यंत सीमित संसाधनों के साथ अपने सभी दैनिक कार्यों को स्वयं करते हुए लव जैसे यशस्वी पुत्र को जन्म दिया। उस महिला की मानसिक स्थिति का आकलन हम लगा सकते हैं जिनके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण क्षण (गर्भावस्था) में उन्हें अपने पति और संपूर्ण परिवार से अलग हो वन में गमन करना पड़ा होगाl यह उनकी मानसिक दृढ़ता ही थी जिसने उनके शोक, उनके संताप और विषाद पर विजय प्राप्त कर उसे अपनी संतान से दूर रखने में सफलता दिलाई। वर्तमान परिप्रेक्ष्य में भी यह संभव है जब किसी गुरुकुल में जाकर कुछ समय के लिए ही प्रतिदिन गर्भवती महिला अपने गर्भस्थ शिशु को उससे संबंधित ज्ञान ,जैसे- विभिन्न ध्वनियों का सुनना, विभिन्न भाषाओं ,कलाओं, दर्शन, विज्ञान, संस्कृति और संस्कार इत्यादि को सुनते हुए और उस पर चिंतन मनन करने की कला सीखना प्रारंभ करते हुए गर्भ के 9 महीने तक होते- होते उस संतान को प्रसव पूर्व शिक्षा प्रदान करना सुनिश्चित कर सकती हैं। क्योंकि मां के गर्भ में भी शिशु को मस्तिष्क से जो ध्वनियां प्राप्त होती हैं वह सदैव स्मरण में रहती हैं तथा जन्म लेने के उपरांत उम्र बढ़ने के साथ-साथ उससे संबंधित जानकारी और ज्ञान सीखने में उसे सुविधा होती है, वह चाहे कोई भाषा हो अथवा दर्शन विज्ञान या अन्य विषय इसका उदाहरण हमने महाभारत के पात्र अभिमन्यु में देखा और सुना है । इसके साथ- ही प्रत्येक गर्भवती को चार प्रसव पूर्व जांच ,पौष्टिक स्थानीय आहार के सेवन के साथ -साथ आयरन फोलिक एसिड तथा आवश्यकता पड़ने पर कैल्शियम की गोली का सेवन अवश्य सुनिश्चित करना चाहिए क्योंकि एक स्वस्थ शरीर में ही एक स्वस्थ मस्तिष्क का विकास संभव है......क्रमशः
डॉ दर्शना कुमारी
स्वतंत्र लेखिका