Friday, 28 August 2020
Tuesday, 11 August 2020
साक्षात्कार: व्यक्तिगत परिचय
यदि गहनता से विचार किया जाए तो किसी भी साक्षात्कार का मूल उद्देश्य परीक्षार्थी के व्यक्तित्व का परीक्षण होता है जिसमें हमारे उत्तर देने की कला के साथ-साथ हमारी व्यक्तिगत जानकारियों का भी महत्वपूर्ण स्थान होता है ।आज के अंक में इसी विषय को मुख्य मुद्दा बनाकर लिखने का प्रयास कर रही हूं, यदि यह लेख आपकी सफलता में अंश मात्र भी मददगार साबित होता है तो मेरा प्रयास सफल होगा।
व्यक्तिगत जानकारी के अंतर्गत सामान्यतः निम्न बातों को रखा जा सकता है:- व्यक्ति का नाम ,जन्मतिथि, जन्म स्थान, प्रारंभिक शिक्षण संस्थान, उच्च शिक्षण संस्थान,रुचियां, स्नातक तथा परास्नातक के विषय, प्रतियोगी परीक्षा के विषय, गृह जिला की जानकारी,यदि किसी जॉब में हो तो उससे संबंधित जानकारी, पसंदीदा व्यक्तित्व इत्यादि।
बिहार लोक सेवा आयोग की पिछले कुछ साक्षात्कारों में कोडिंग -डिकोडिंग प्रणाली लागू हो जाने के कारण नाम,जन्म तिथि आदि पर प्रश्न नहीं पूछे जा रहे हैं फिर भी अपने नाम का अर्थ तथा जन्म तिथि पर यदि कोई दिवस हो या किसी महान व्यक्तित्व का जन्म तिथि हो तो उससे संबंधित जानकारी जेहन में अवश्य ही रखनी चाहिए ।अब आते हैं जन्म स्थान पर, जन्म स्थान से संबंधित आवश्यक जानकारी यथा- इतिहास, महत्वपूर्ण व्यक्तित्व ,भौगोलिक स्थिति, कृषि, उद्योग,अर्थव्यवस्था, जनांकिकी इत्यादि से संबंधित तथ्यों एवं जानकारी से संबंधित एक लिस्ट बनाना अपेक्षित है। प्रारंभिक एवम् स्नातक शिक्षण संस्थानों की स्थापना का वर्ष तथा यदि वह किसी खास व्यक्तित्व के नाम पर बना हो उनसे संबंधित जानकारी भी सूचीबद्ध होनी चाहिए। इसके साथ ही स्नातक, परास्नातक तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में अपनाए गए विषय से प्रश्न पूछने का भी चलन बना हुआ है अतः इसे विशेष रुप से ध्यान रखते हुए तैयार कर लेना चाहिए। यहां एक बात विशेष रूप से इंगित करना चाहूंगी की बिहार के विश्वविद्यालयों में स्नातक स्तर पर हम प्रतिष्ठा विषय लेते हैं और उसकी तैयारी पर विशेष ध्यान देते हैं परंतु सहायक विषयों से भी प्रश्न पूछने की संभावना बनती है और पूछे भी गए हैं अतः अभ्यर्थियों से यह अनुरोध होगा कि वह अपने सहायक विषयों के संबंध में भी सामान्य जानकारी अवश्य रखें। इसके साथ ही अपने मुख्य विषय, प्रतिष्ठा या परास्नातक के विषय से संबंधित जर्नल्स पत्रिका संस्थान तथा उसके संचालकों का नाम स्मरण रखना अपेक्षित है।
एक अत्यंत ही महत्वपूर्ण व्यक्तिगत पक्ष है- हॉबी जिससे प्रश्न लगभग होता ही होता है। इस पक्ष से संबंधित जानकारी अभ्यर्थी की अपनी जानकारी होती है फिर भी इस पर थोड़ा मेहनत किया जाना अत्यंत आवश्यक है हॉबी को हमेशा ऐसे रखनी चाहिए जो व्यवहारिक लगे ज्यादा थियोरेटिकल अथवा आईडियोलॉजिकल हॉबी बनाने से बचना चाहिए। साथ ही किसी परीक्षार्थी से यह अपेक्षा होती है कि वह अपने रुचिकर कार्य में विशेष जानकारी अवश्य ही रखें परंतु यदि किसी कारणवश किसी उत्तर देने में कठिनाई आ रही हो यह समझ नहीं आ रहा है तो बड़े अदब से दोबारा पूछने हेतु या फिर क्षमा मांगते हुए अगले प्रश्न की ओर रुख करना ही समीचीन होगा।
अब हम चर्चा करते हैं हमारे पसंदीदा व्यक्तित्व के बारे में ,सामान्यतया प्रश्न पूछा जाता है कि हमारे पसंदीदा व्यक्तित्व अथवा आदर्श व्यक्तित्व के विषय में हम कुछ बताएं। इसके लिए हमें कुछ पॉइंट्स अवश्य बना लेने चाहिए यदि कोई हमारा आदर्श है तो वह क्यों है ,ताकि उत्तर तार्किक लगे। साथ ही ,लोक सेवा आयोग में सेवा देने अर्थात अपना कैरियर बनाने की प्रेरणा कैसे और कब मिली? इस प्रश्न को भी अच्छे से तैयार कर लेना समीचीन होता है। महिलाओं से यह भी पूछा जा सकता है कि परिवार और नौकरी में सामंजस्य बैठा पाना कितना मुश्किल अथवा आसान होगा? किसी अन्य सेवा के बदले इस सेवा को चुनने का तार्किक कारण अवश्य ही तैयार कर लेना चाहिए।
अभ्यर्थियों को अपने विषय में पांच सबल पक्ष और पांच दुर्बल पक्ष की जानकारी होना भी आवश्यक है। दुर्बल पक्ष को तैयार करते समय यह ध्यान रहे की वह नेगेटिव ना जाए उसमें भी सकारात्मकता होना आवश्यक है। ये दोनों ही पक्षों को तैयार करते समय ज्यादा सैद्धांतिक अथवा आदर्शवादी होने से बचना है।
क्रमशः...........
Wednesday, 5 August 2020
श्री राम की समर नीति : आज भी प्रासंगिक
आज 5 अगस्त,2020 को जब संपूर्ण भारतवर्ष में श्री राम जन्मभूमि अयोध्या में श्री राम के मंदिर निर्माण हेतु भूमि पूजन की चर्चा चल रही है और न्यूज़ चैनल के माध्यम से ज्ञात हो रहा है कि आज अयोध्या नगरी में पुनः दिवाली मनाई जा रही है। मुझे यह जानकर भी अति प्रसन्नता हुई कि मंदिर के 2000 फीट नीचे टाइम कैप्सूल डाला जा रहा है ताकिभावी पीढ़ी को इसके विषय में संपूर्ण जानकारी प्राप्त हो सके। मैं आज इन सभी बातों से थोड़ा इतर जाकर अपना एक अनुभव साझा करना चाहती हूं जिससे मानस की जनमानस में लोकप्रियता और सहायतार्थ भूमिका स्पष्ट होती है। "श्री राम" वैसे भी भारतीय इतिहास के वांग्मय में मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में स्थापित हैं। इनके जीवन के हर पहलू पर विद्वानों द्वारा असंख्य चर्चा-परिचर्चा,टिप्पणियां, ग्रंथ ,काव्य इत्यादि आयोजित और लिपिबद्ध की जाती रही हैं परंतु ,आज जिस विषय की चर्चा मैं करने जा रही हूं उसने मेरे जीवन में संघर्ष पथ पर अडिग रहने की प्रेरणा प्रदान की। इसका उद्देश्य मात्र इतना है की मनुष्य जीवन में व्याप्त विभिन्न बाधाओं पर भी विजय प्राप्त की जा सकती है।
बात उन दिनों की है जब हमारे घर से धन की देवी ने मुख मोड़ लिया था और हमारे माता-पिता के चारों संतानों की भविष्य निर्माण रूपी यक्ष प्रश्न स्वाभाविक रूप से उनके समक्ष उपस्थित थे ।मैं सबसे बड़ी और मेरे तीन अनुज अपने माता-पिता की हर बात को पत्थर की लकीर मानते हुए स्वीकार करते रहे थे ।क्योंकि संयुक्त परिवार में प्रारंभिक वर्षों में ही पिताजी ने संस्कार ही ऐसे भर दिए थे इसकी पुष्टि वर्तमान कार्यरत सेवा में हुए कई प्रशिक्षणों से भी होती रही। मैंने जब इंटरमीडिएट पास की तो एक दिन पिताजी से अपनी आगे की पढ़ाई पर चर्चा करते हुए थोड़े अधीर भाव में बोल पड़ी कि कैसे मैं अपनी सोच के अनुरूप स्वयं को सिद्ध कर पाऊंगी, जबकि हमारे पास संसाधन इतने सीमित हैं? इस पर उन्होंने अत्यंत ही गंभीर मुद्रा में अपनी चिर-परिचित मुस्कान के साथ मुझसे बड़े प्यार से कहा चलो अब समय आ गया है जब तुम्हें वह संचित संपत्ति भेंट कर दूं जो वर्षों से मैंने तुम लोगों के लिए संजो कर रखा है। क्योंकि तुम मेरी ज्येष्ठ संतान हो अतः इस पर सबसे पहला हक तुम्हारा ही बनता है। इतना कह अपनी अलमारी से उन्होंने एक लाल कपड़े में लिपटी मोटी-सी गठरी नुमा कुछ निकाला ,मुझे भी कौतूहल था कि पिताजी ने मेरे लिए कई वर्षों से भला क्या संजो कर रखा है किशोरी कल्पनातीत मन में लगा कुछ धन हो या जेवर जो मेरी दिवंगत दादी ने दिए हो या और कुछ , इससे अधिक कुछ नहीं सोच पाई। परंतु यह क्या उन्होंने जब पोटली को निकाला तो बड़ी ही अदब से दोनों हाथों में पकड़ कर माथा टेका फिर खोला,मैंने देखा यह क्या सामने गोस्वामी तुलसीदास जी कृत "श्रीरामचरितमानस" प्रस्तुत है।क्यूंकि पिता जी में मेरा अटूट विश्वास था अतः अपने मन में उठ रही तमाम मानवीय उत्कंठाओं को दबाते हुए उनकी भावना और बातों पर ध्यान देने का निश्चय किया। उन्होंने अत्यंत श्रद्धा से श्री रामचरितमानस के लंका कांड की निम्न पंक्तियां मुझे सुनाई:-
" रावनु रथी बिरथ रघुबीरा।देखि विभीषण भयउ अधीरा।।
अधिक प्रीति मन भा संदेहा। बंदि चरन कह सहित सनेहा।।
नाथ न रथ नहिं तन पद त्राना। केहि विधि जितब बीर बलवाना।।
सुनहु सखा कह कृपा निधाना। जेहिं जय होई सो स्यंदन आना।।
सौरज धीरज तेहि रथ चाका।सत्य सील दृढ़ ध्वजा पताका।।
बल बिबेक दम परहित घोरे। छमा कृपा समता रजु जोरे।।
ईस भजनु सारथी सुजाना।बिरति चर्म संतोष कृपाना।।
दान परसु बुद्धि सक्ति प्रचण्डा। बर बिग्यान कठिन कोदण्डा।।
अमल अचल मन त्रोन समाना।सम जम नियम सिलीमुख नाना।।
कवच अभेद विप्र गुरु पूजा। एहि सम विजय उपाय न दूजा।।
सखा धर्ममय अस रथ जाकें। जीतन कहं न कतहूं रिपु ताकें।।"
प्रसंग है राम रावण युद्ध स्थल पर श्री रघुनाथ को बिना रथ के देख कर विभीषण अधीर हो गए। अत्यधिक प्रेम वश होने से उनके मन में संदेह हो गया कि वे बिना रथ के रावण को कैसे जीतेंगे और वंदना पूर्वक श्रीराम से कहने लगे कि हे नाथ! आपके न रथ है न तन की रक्षा करने वाला कवच है और न जूते ही हैं ।वह बलवान वीर रावण किस प्रकार जीता जाएगा? तब कृपा निधान श्री राम ने कहा- हे सखे! सुनो जिससे जय होती है वह रथ दूसरा ही है ।शौर्य ,धैर्य उस रथ के पहिए हैं सत्य और शील (सदाचार )उसकी मजबूत ध्वजा पताका हैं। बल, विवेक, दम (इंद्रियों का वश में होना) और परोपकार उसके चार घोड़े हैं जो क्षमा ,दया और समता रूपी डोरी से रथ में जोड़े हुए हैं ।ईश्वर का भजन ही चतुर सारथी है ।वैराग्य ढाल है और संतोष तलवार है ।दान फरसा है,बुद्धि प्रचंड शक्ति है, श्रेष्ठ विज्ञान कठिन धनुष है। निर्मल (पाप रहित )और अचल(स्थिर) मन तरकस के समान है। शम (मन का वश में होना) ,(अहिंसादि )यम और शौचादि नियम - ये बहुत से बाण हैं। ब्राह्मणों और गुरु का पूजन अभेद्य कवच है ।इसके समान विजय का दूसरा उपाय नहीं है हे सखे! ऐसा धर्ममय रथ जिसके हो उसके लिए जीतने को कहीं शत्रु ही नहीं है।
उक्त पंक्तियों के भावार्थ को समझाते हुए उन्होंने बताया कि जब श्री राम जैसे राजपुत्र की संपूर्ण संपत्ति से उनको वंचित कर दिया गया तथा वन में उनकी पत्नी भी खो गई तब उनके इन्हीं अस्त्रों ने उन्हें दृढ़ बनाए रखा और युद्ध भूमि में जिस रावण के दस सिर थे, जो अत्यंत बलशाली एवं विद्वान होने के साथ-साथ तत्कालीन समय में त्रिलोक विजयी होने का दंभ भरता था ,पर विजय भी प्राप्त कर सकें। पिताजी ने यह भी समझाया कि सुख- दुख जीवन के दो पहलू हैं ,इससे कोई भी बच नहीं सकता ।जो उक्त गुणों में से कुछ गुणों को भी अपना कर धैर्य पूर्वक अपना कर्म करता जाता है वह अपने लक्ष्य को अवश्य ही प्राप्त करता है ,राह में आने वाली सभी बाधाओं पर विजय अवश्य ही प्राप्त करता है। उन्होंने यह विश्वास भी जताया उनकी चारों संताने अपने-अपने क्षेत्र में हर रावण रूपी समस्या पर राम के गुण अपना कर विजय श्री को अवश्य ही प्राप्त करेंगे। आज जब पिता जी की बातों को आपसे साझा कर रही हूं तो स्वतः ही नयन सजल हो उठे हैं "पिता हमेशा पिता ही होता है"। अब वर्तमान परिप्रेक्ष्य में विचार किया जाए तो स्पष्ट होता है कि जीवन के हर समर में श्री राम की यह नीति प्रासंगिक है और प्रतीत होता है कि यह युग-युगांतर तक प्रासंगिक ही रहेगी। यदि मानस की उक्त चौपाइयों का अनुसरण किया जाए तो निश्चय ही विजय प्राप्त होगी।आज जब कुछ लोगों को निराश होकर अपने इहलीला को समाप्त करते हुए देखती हूं तो बड़ा ही क्षोभ होता है और मन में यही इच्छा होती है कि उन्हें श्रीराम की समर नीति का इस काल का पाठ पढ़ाया जाए।
Subscribe to:
Posts (Atom)