व्यक्तिगत जानकारी के अंतर्गत सामान्यतः निम्न बातों को रखा जा सकता है:- व्यक्ति का नाम ,जन्मतिथि, जन्म स्थान, प्रारंभिक शिक्षण संस्थान, उच्च शिक्षण संस्थान,रुचियां, स्नातक तथा परास्नातक के विषय, प्रतियोगी परीक्षा के विषय, गृह जिला की जानकारी,यदि किसी जॉब में हो तो उससे संबंधित जानकारी, पसंदीदा व्यक्तित्व इत्यादि।
बिहार लोक सेवा आयोग की पिछले कुछ साक्षात्कारों में कोडिंग -डिकोडिंग प्रणाली लागू हो जाने के कारण नाम,जन्म तिथि आदि पर प्रश्न नहीं पूछे जा रहे हैं फिर भी अपने नाम का अर्थ तथा जन्म तिथि पर यदि कोई दिवस हो या किसी महान व्यक्तित्व का जन्म तिथि हो तो उससे संबंधित जानकारी जेहन में अवश्य ही रखनी चाहिए ।अब आते हैं जन्म स्थान पर, जन्म स्थान से संबंधित आवश्यक जानकारी यथा- इतिहास, महत्वपूर्ण व्यक्तित्व ,भौगोलिक स्थिति, कृषि, उद्योग,अर्थव्यवस्था, जनांकिकी इत्यादि से संबंधित तथ्यों एवं जानकारी से संबंधित एक लिस्ट बनाना अपेक्षित है। प्रारंभिक एवम् स्नातक शिक्षण संस्थानों की स्थापना का वर्ष तथा यदि वह किसी खास व्यक्तित्व के नाम पर बना हो उनसे संबंधित जानकारी भी सूचीबद्ध होनी चाहिए। इसके साथ ही स्नातक, परास्नातक तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में अपनाए गए विषय से प्रश्न पूछने का भी चलन बना हुआ है अतः इसे विशेष रुप से ध्यान रखते हुए तैयार कर लेना चाहिए। यहां एक बात विशेष रूप से इंगित करना चाहूंगी की बिहार के विश्वविद्यालयों में स्नातक स्तर पर हम प्रतिष्ठा विषय लेते हैं और उसकी तैयारी पर विशेष ध्यान देते हैं परंतु सहायक विषयों से भी प्रश्न पूछने की संभावना बनती है और पूछे भी गए हैं अतः अभ्यर्थियों से यह अनुरोध होगा कि वह अपने सहायक विषयों के संबंध में भी सामान्य जानकारी अवश्य रखें। इसके साथ ही अपने मुख्य विषय, प्रतिष्ठा या परास्नातक के विषय से संबंधित जर्नल्स पत्रिका संस्थान तथा उसके संचालकों का नाम स्मरण रखना अपेक्षित है।
एक अत्यंत ही महत्वपूर्ण व्यक्तिगत पक्ष है- हॉबी जिससे प्रश्न लगभग होता ही होता है। इस पक्ष से संबंधित जानकारी अभ्यर्थी की अपनी जानकारी होती है फिर भी इस पर थोड़ा मेहनत किया जाना अत्यंत आवश्यक है हॉबी को हमेशा ऐसे रखनी चाहिए जो व्यवहारिक लगे ज्यादा थियोरेटिकल अथवा आईडियोलॉजिकल हॉबी बनाने से बचना चाहिए। साथ ही किसी परीक्षार्थी से यह अपेक्षा होती है कि वह अपने रुचिकर कार्य में विशेष जानकारी अवश्य ही रखें परंतु यदि किसी कारणवश किसी उत्तर देने में कठिनाई आ रही हो यह समझ नहीं आ रहा है तो बड़े अदब से दोबारा पूछने हेतु या फिर क्षमा मांगते हुए अगले प्रश्न की ओर रुख करना ही समीचीन होगा।
अब हम चर्चा करते हैं हमारे पसंदीदा व्यक्तित्व के बारे में ,सामान्यतया प्रश्न पूछा जाता है कि हमारे पसंदीदा व्यक्तित्व अथवा आदर्श व्यक्तित्व के विषय में हम कुछ बताएं। इसके लिए हमें कुछ पॉइंट्स अवश्य बना लेने चाहिए यदि कोई हमारा आदर्श है तो वह क्यों है ,ताकि उत्तर तार्किक लगे। साथ ही ,लोक सेवा आयोग में सेवा देने अर्थात अपना कैरियर बनाने की प्रेरणा कैसे और कब मिली? इस प्रश्न को भी अच्छे से तैयार कर लेना समीचीन होता है। महिलाओं से यह भी पूछा जा सकता है कि परिवार और नौकरी में सामंजस्य बैठा पाना कितना मुश्किल अथवा आसान होगा? किसी अन्य सेवा के बदले इस सेवा को चुनने का तार्किक कारण अवश्य ही तैयार कर लेना चाहिए।
अभ्यर्थियों को अपने विषय में पांच सबल पक्ष और पांच दुर्बल पक्ष की जानकारी होना भी आवश्यक है। दुर्बल पक्ष को तैयार करते समय यह ध्यान रहे की वह नेगेटिव ना जाए उसमें भी सकारात्मकता होना आवश्यक है। ये दोनों ही पक्षों को तैयार करते समय ज्यादा सैद्धांतिक अथवा आदर्शवादी होने से बचना है।
क्रमशः...........
No comments:
Post a Comment