पहली गोदभराई
कोमल कुमारी , एक 19 या 20 वर्ष की दुल्हन जिसका विवाह मानो मुश्किल से एक वर्ष पूर्व हुआ था । आज केंद्र संख्या 61 पर निरीक्षण के समय उसकी गोदभराई के दौरान मैंने स्वयं और अनुमंडल पदाधिकारी ने भी नोटिस किया परंतु संकोचवश मैं बोल नही पाई और अनुमंडल पदाधिकारी महोदय ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए शब्दों में पिरोते हुए कोमल की सास से यह कहा कि जो सास अपनी बहू को पंखा झल सकती है वह निःसंदेह अच्छी सास हैं।दरअसल ,बात यह हुई कि गोदभराई कार्यक्रम के दौरान बिजली गुल थी , कोमल ने साड़ी तो पहनी हीं थी साथ हीं खूबसूरत सी चुनरी भी ओढ़ रखी थी । कोमल वाकई में कोमल ही लग रही थी । 19 से 20 वर्ष की नई - नवेली दुल्हन ,जिसके हर अंग ने मानो अभी - अभी तरुनाई की दहलीज पार की है । पहली बार गर्भधारण करने के बाद वह भी अल्हड़ की तरह हीं मासूम - सी मुस्कान के साथ हमारी बातें सुन रही थी।हालांकि हमने अपनी बातों को बड़े हीं सरल अंदाज में रखा था लेकिन उसके चेहरे के हाव -भाव से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि कुछ बातें तो वह समझ रही थी परंतु कुछ बातें उसके पल्ले हीं नहीं पड़ रही थी परंतु वह सभी बातों को बड़े हीं धैर्य से सुन रही थी। मैंने देखा उसके मुखमंडल पर छाई मासूमियत जैसे ऊंघ रही थी जब एसडीओ सर उसको और उसकी सास तथा परिवार के अन्य सदस्यों को चार प्रसव पूर्व जांच के विषय में बता रहे थें।साथ हीं , जब सर ने यह कहा कि स्त्री की सबसे बड़ी शत्रु स्त्री हीं होती है लेकिन यह भी अकाट्य सत्य है कि सबसे अच्छी मित्र भी स्त्री हीं होती है यदि उनकी अंडरस्टैंडिंग ठीक से बैठ जाए। अपने अभी तक के अनुभव में सर ने यही पाया था कि परिवार में स्त्री के साथ हो रहे डिस्क्रिमिनेशन के पीछे अमूमन स्त्री का हीं हाथ होता है । जब सर ने कहा कि भोजन करने में कोमल यह तो नहीं करती कि सबसे अंत में खाएगी पहले घर के पुरुष सदस्य तथा अन्य सदस्य खा लें । अभी सर की बात या यूं कहें कि वाक्य पूरे भी नहीं हुए थे कि तपाक से कोमल की बड़ी सासू मां बोल पड़ी कि अब वो जमाना चला गया सर । यह सुन कर सर को और हम सभी को बड़ी प्रसन्नता हुई।साथ हीं उसकी सासू मां को अन्य महिलाओं से फुसफुसाते हुए भी सुना कि वह अपनी बहू का कितना ख्याल रखती है । अरे, बातों बातों में यह बताना तो भूल हीं गई कि कोमल की सास, बड़ी सास और कोमल को एक साथ देख कर हम सभी यह देखकर चकित रह गए कि तीनों मानो थोड़ी हीं छोटी - बड़ी हैं। तब तो एसडीओ सर सहित हम सभी ने हंसी में बात को टाल दिया परंतु मेरे जेहन में यह बात घुलती रही क्या यह सही है , इसका कारण क्या है आदि ,आदि।जिज्ञासु मन मेरा ,तर्क वितर्क करते हुए बड़े हीं भारी मन से इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि यह परिणाम है बाली उमरिया में ब्याह हो जाने का । कम उम्र में शादी के कारण रिप्रोडक्टिव उम्र में शरीर परिपक्व हुए बिना हीं ये महिलाएं मां बन गईं जिस वजह से आज भी इनका शरीर उस कमी को भर नहीं पाया । हमने कोमल की आंखों की जांच की और वहीं उपस्थित आशा दीदी से भी पुष्टि की कि वह तो पूरी तरह से एनिमिक है। सभी को समझाया कि कम उम्र में शादी हो जाने से मां बन जाने के पश्चात महिलाओं का शरीर परिपक्व नहीं हो पाता । साथ हीं , बातों - बातों में सर ने यह भी समझा दिया कि अगला बच्चा तीन वर्षों के बाद हीं प्लान करने की सोचना । कोमल और उसकी सास थोड़ी झेंप अवश्य गईं परंतु अंततः उन्हें समझ आई कि यह बातें उन्हें क्यों बताई जा रही हैं। अब फर्श पर अनाज ,साग ,सब्जी ,फल ,नमक ,तेल ,चना ,गुड, मूंग,मूंगफली आदि से बनी रंगोली के विषय में कोमल और उसकी सास को समझाया गया तब उन्होंने बहुरंगी भोजन और दिन में दो घंटे के आराम के महत्व को समझा तथा यह आश्वासन दिया कि उसे फॉलो करेंगी। अब घड़ी आई गोदभराई संस्कार की जैसे हीं चावल, दाल,फल, फूल,चूड़ी ,बिंदी,सिंदूर, नारियल आदि को शनैः - शनैः मैने और एसडीओ सर ने कोमल के आंचल में डालना प्रारंभ किया वैसे हीं उपस्थित महिलाओं ने मंगल गीत का गान प्रारंभ कर किया । हमारी तो हर माह की दैनंदिन में शामिल है परंतु एसडीओ सर के मुखमंडल की आभा यह वयक्त करने को आतुर थी कि वह क्षण कितना अद्भुद,कितना अविस्मरणीय था । अंततः शब्दों ने अपनी कलाकारी वाक्य में परिणत कर जिह्वा को यह व्यक्त करवाने में क्षण भर भी विलंब करना मुनासिब नहीं समझा और वाक्य प्रस्फुटित हुए कि यह मेरे द्वारा की गई पहली गोदभराई संपन्न हुई। उनके भाव प्रस्फुटित शब्दों से बढ़ कर व्याख्या कर रहें थें। जमीन पर बैठ कर एक कन्या के आंचल में उसकी भावी संतान की अनगिनत खुशियों का आशीर्वाद उपस्थित सभी ने दिया परंतु जो आत्मिक संतुष्टि , जो खुशी सर के मुखमंडल पर छाई रही,वह मुझे अन्यत्र नहीं दिखी। हम सभी ने सर को वहां आकर इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने हेतु बहुत आभार व्यक्त किया और सर की विदाई की ।
डॉ. दर्शना कुमारी ( स्वतंत्र लेखिका)
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी
darshanakumari16@gmail.com