Monday, 22 January 2024

श्री राम का गणतंत्र : गणतंत्र के राम

श्री राम का गणतंत्र: गणतंत्र के राम 
मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम मंदिर निर्माण,प्राण प्रतिष्ठा की चर्चा की धूम से आज धरती आकाश जैसे गुंजायमान हो रहे हैं । उनकी मर्यादा पुरुषोत्तम की छवि हीं मुझे उनके भगवत रूप से भी अधिक प्रिय और पावन लगती है क्योंकि जिनको ईश्वर की संज्ञा दी जाती है उन्हें अलौकिक शक्तियां भी प्रदत्त की जाती है । परंतु श्री राम की इस छवि में बाल्यकाल से किशोरावस्था,यौवनावस्था, प्रौढ़ावस्था तक में मानव के मन में उठने वाले मनोभावों में से अधिकांश मनोभावों का साबका करते हुए आदर्श भावना को अपनाते हुए उसे चरित्र में ढालना आसान नहीं रहा होगा ।वह चाहे राजभवन छोड़  गुरु के आश्रम में जाकर विद्यार्जन हो , अहिल्या उद्धार हो , विवाह में परशुराम जी का सामना करना हो,राज तिलक के स्थान पर नव विवाहित पत्नी के साथ वन गमन हो और उस पत्नी का अपहरण हो जाना हो ,या लक्ष्मण को बाण लगना हो ,लंका विजयोपरांत उसे विभीषण को भेंट के रूप में सौंपना हो या फिर राज्याभिषेक के पश्चात  गर्भवती पत्नी को वन भेजना हो ,अपने हीं पुत्रों के समक्ष पत्नी का धरती में समाते देखना हो ..... कुछ भी आसान नहीं रहा होगा।हर बार अपने स्व स्वर और बाह्य मनोभावों के बीच द्वंद अवश्य हुआ होगा ।परंतु, हर बार मन के उद्वेगों को शांत करने की क्षमता ने दृढ़ से दृढ़तम की ओर अग्रसर किया होगा ,जिसकी परिणति मर्यादा पुरुषोत्तम में हो पाई। श्री राम के व्यक्तित्व में यदि राजा बनने के पूर्व की जीवनी को देखा जाए तो हर मोड़ पर दो पथ थें -एक , जिससे जीवन राजप्रासाद में बड़े हीं ठाट - बाट से बीतता और दूसरा, जिसमें जीवन भौतिक सुखों से वंचित यहां तक की नगर में प्रवेश और अन्न तक का परित्याग करना।सामान्य मानव राजाओं की तरह यदि उन्होंने भी राजपाट में लीन होने , राजगद्दी के लिए भाई - भाई में युद्ध , बहुपत्नी की प्रथा का अनुगमन किया होता तो कतई आज  राम ,श्री राम ना होते ।इतिहास तो उनका भी होता परंतु आज राम मंदिर निर्माण ,प्राणप्रतिष्ठा का जो दृश्य है उसकी परिकल्पना भी नहीं की जा सकती थी। राज्याभिषेक के बाद की स्थिति तो मानो उनके व्यक्तिगत जीवन के लिए अभिशाप हीं बन गई होगी । प्रजाजनो के प्रति प्रेम ,निष्ठा ,समर्पण और पद की गरिमा बनाए रखने हेतु न्याय करने  की प्रतिबद्धता ने पत्नी को वन गमन का निर्णय सुना देना और पत्नी द्वारा सहर्ष स्वीकार कर लेना । गर्भावस्था में हर जीव अपनी पत्नी के साथ समय व्यतीत करना चाहता है,उनकी देखभाल करना चाहता है और प्रसव के समय होने वाली पीड़ा को बांटने के साथ अपने अंश के संसार में आगमन के साक्षी बनने के आनंद  का अनुभव करना चाहता है , विशेषकर जब पत्नी पहली बार गर्भवती हो।परंतु आनंद को त्याग कर वन भेजने का  निर्णय लेना तथा उसका दृढ़ता से पालन करना हीं तो मर्यादा शब्द को अंगीकृत करता है।श्री राम का राज्य, उनकी कार्यशैली "आदर्श राज्यशैली" बन जाती है ,जिसे आज हम "रामराज्य" के रूप में अपना आदर्श मानते हैं ,उसे अपनाना चाहते हैं।यहां एक भाव और मेरे भी मन मस्तिष्क में कौंध रही है ,वो यह कि राम राज्य में श्री राम के साथ - साथ लक्ष्मण, भरत,शत्रुधन,उर्मिला,मांडवी, श्रुतिकृति के साथ जनता - जनार्दन भी वैसी हीं रहीं होंगी जिन्होंने राज्य की आदर्श कल्पना को साकार किया । इस कैनवास पर विभिन्न रंगों से सुसज्जित करने का कार्य निस्संदेह भरत,शत्रुघ्न और उनकी पत्नियों ने किया। वन गमन के पश्चात तो लक्ष्मण,सीता और राम अयोध्या नगरी से बाहर हीं रहें और राजा के सिंहासन पर तो चरणपदुका रही।ऐसे में किसी भी अन्य राज्य के आक्रमण की आशंका सदैव बनी रहती होगी। भ्रातृ प्रेम के साथ राज्य की सुरक्षा का भार तो भरत और शत्रुघ्न के जिम्मे ही था ।इनकी पत्नियां भी आपस में लड़ सकतीं थीं ।परंतु भरत और शत्रुघ्न ने त्याग के साथ - साथ उचित रणनीति अपनाई ।राज्य के मुख्यद्वार पर भरत ने अपनी कुटिया बनाई और राज्य की सुरक्षा का जिम्मा लिया ताकि कोई आक्रमणकारी साहस नहीं कर सके तथा शत्रुघ्न को दिया आंतरिक सुरक्षा का भार । महल में माताओं की देख - भाल तीनों बहुओं ने भी बखूबी निभाया। जब राजपरिवार में इस प्रकार का  प्रेम , सम्मान,त्याग और समर्पण की भावना व्याप्त थी तो प्रजाजन तो अनुगामी होते हीं हैं । चौदह वर्षों तक यह परिपाटी चलती रही जो सभी के आचरण में समाहित हो गई और हो भी क्यों नही यह वंश हीं मनु, इक्ष्वाकु और भगीरथ का वंश था जिसमें त्याग ,प्रेम ,समर्पण और साहस जैसे डीएनए में प्रवाहित था । संभवतः राजा और प्रजा के इसी सामंजस्य ने एक आदर्श राज्य को  सदैव आदर्श बनाए रखा । जिसकी आज हम मिसाल देते हैं । यक्ष प्रश्न यह है कि वंशज तो हम भी उन्ही के हैं अंतर यही समझ आता है एक लम्बा समय व्यतीत हो जाने के कारण संभवतः हमारे डीएनए में थोड़ा परिवर्तन हो रहा हो अन्यथा जिस राज्य को आदर्श माना ,जिसकी छवि को पुरुषों में उत्तम बताया और इतना उत्तम की उसकी पूजा करने लगे उसी के मंदिर निर्माण,प्राण प्रतिष्ठा में जाने,ना जाने ,बुलाने ,ना बुलाने ,सम्मिलित होने ,सम्मिलित ना होने को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा और परिचर्चा हो रही है। लगभग सभी चैनलों पर यह ज्वलंत मुद्दा बना हुआ है।राम राज्य में सभी पात्रों ने स्वयं को साध कर गणतंत्र की स्थापना की , आज के भारतीय गणतंत्र ने श्रीराम को साध कर हर पत्र स्वयं को सिद्ध करने के प्रयास में लगा हुआ है, अंतर यही है । हमें एक बार श्री राम के गणतंत्र और गणतंत्र के श्री राम पर पुनर्मंथन करने की आवश्यकता है ना । ....

डॉ. दर्शना कुमारी (स्वतंत्र लेखिका )
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी 
darshanakumari16@gmail.com 
#shreeram,#ayodhya#mandir, #jayshreeram #siyaramchandra #raghukul #ayodhyaraammandir #rammandir #pranpratishtha