Friday, 25 August 2023

देश भक्ति की अलख .....

*देश भक्ति की अलख* 

आगे ...
इस समय एक रोचक घटना अकस्मात ही स्मरण में आ गई जिसे ना बताऊं तो यादों के साथ बेमानी हो जाएगी ।सातवीं कक्षा की बात है भाषण प्रतियोगिता में एक सहपाठी राजरत्ना ने भोजपुरी में भाषण तैयार किया था ।उसकी भाषण की तैयारी कब हुई यह स्मरण नहीं, अरे हां उसने अपने घर पर ही तैयार किया था और अजीत सर, यूनुस सर, सवलिया सर तथा अन्य अध्यापकों को सुना दिया था, जो सेलेक्ट हो गया था। इसलिए रियाज में हम नहीं सुन पाए थे ।जब स्वतंत्रता दिवस के दिन  भोजपुरी में भाषण दिया तब उसकी भाषण की अंतिम पंक्तियों की गूंज जैसे मन में बैठ गई थी। वह पंक्तियां थी " आईं हमनी के आज ई तिरंगा के नीचे आज किरिया खाई कि कपार फूटी- त-फूटी ,जान जाई- त-जाई , बाकि ई तिरंगा के आन-बान-शान में कऊनो कमी ,कभी ना आई" "कपार फूटी -त-फूटी" वाले वाक्यांश ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया ।हम सभी ने बधाइयां भी दी, उससे पूछने पर ज्ञात हुआ कि उसकी बड़ी बहन ने भाषण तैयार करवाया था। यह बात मेरे मन में ऐसी लागी मानो बैठ गई। अक्सर इस बात से स्वयं थोड़ा इनफीरियर समझती थी कि काश मेरी भी कोई बड़ी बहन या बड़ा भाई होता जो मेरे लिए स्पीच/ भाषण तैयार कर देता। लेकिन फिर मैं समझा लेती कि कोई बात नहीं। संभवत:  ऐसे ही घटनाओं का परिणाम था कि मेरे छोटे भाइयों बहनों का संपूर्ण भाषण में स्वयं तैयार करवाती और किसी भी मंच पर जब उन्हें पुरस्कार मिलता तो गर्व से फूली न समाती थी। मानो अपने बचपन को उनके माध्यम से फिर से जीवंत कर लिया करती और उनको मिला पुरस्कार मुझे ऐसे प्रफुल्लित करता मानो इससे बड़ी संपत्ति संसार में ही ना हो ।आज जब प्रारंभिक बाल्यावस्था देखरेख एवं शिक्षा से संबंधित पाठ्यक्रम का प्रशिक्षण देने के क्रम में गहनता से अध्ययन करने पर ज्ञात होता है कि जीवन के  प्रारंभिक 8 से 10 वर्षों  में जितनी अधिक विविधता रहती है उसका संपूर्ण जीवन पर व्यक्तित्व को निखारने में अत्यंत गहरा प्रभाव पड़ता है ।उस उम्र में हमारा अपने पड़ोसियों के साथ, विद्यालय शिक्षकों, मित्रों के साथ जितना सौहार्दपूर्ण व्यवहार रहता है हम सामाजिक रूप में 35 की उम्र में भी उतना ही अधिक व्यवहार कुशल हो पाते हैं। हमारी किस्से कहानियों की कल्पनाशीलता, वार्तालाप,पक्ष विपक्ष रखने की कला हमारी सृजन क्षमता में वृद्धि करने के साथ - साथ भाषा की समृद्धता में अग्रसर होने को प्रेरित करते हैं। खेल ,सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता जीवन को सुसंस्कृत बनाने को झकझोरती रहती है। स्वयं को दूसरों के साथ-साथ आगे बढ़ाने की क्षमता प्रदान करती है।अपनी बारी आने का इंतजार करना अर्थात धैर्य पूर्वक दूसरों को सुनना, देखना और अंततः अवसर मिलने पर स्वयं को बड़े ही शालीनता ,सहजता तथा स्पष्ट रूप में व्यक्त करना सिखाती है ।जिससे व्यक्तित्व दिन-ब-दिन निखरता जाता है,नित्य नया सीखने की लालसा आजीवन बनी रहती है। व्यस्त से व्यस्ततम दिनचर्या में भी अपनी रचनात्मकता बनाए रखने का सामर्थ्य विकसित होता है ।इसलिए प्रारंभिक 8 से 10 वर्षों तक हर बच्चे के सर्वांगीण विकास में अपने योगदान की जिम्मेदारी समाज के हर व्यक्ति, देश के हर एक नागरिक का परम कर्तव्य बनता है ।मेरे जीवन में विद्यालय के जीवन के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात महाविद्यालय में 15 अगस्त सिर्फ प्रण लेने का दिवस बन गया जिसमें विद्यार्थी जीवन में सुरसा की नई की तरह मुंह बाए खड़ी बाधाओं को चुनौती के रूप में स्वीकार करना और उन पर विजय हासिल करना  हो गईं। हर बार समस्याओं और मेरे हौसलों के बीच एक जंग छिड़ती और हर बार विजय श्री की माला मेरे गले को ही सुशोभित करती। दिन ,महीने, साल पंख लगाकर उड़ते गए और मैं अपने हौसलों की उड़ान भरती गई। माता-पिता, दादा जी, चाचा, भाइयों या यूं कहें संपूर्ण परिवार ने इस उड़ान में अपनी- अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके खट्टे - मीठे अनुभव फिर कभी सजा करूंगी।अब अपने अब तक के जीवन की जो सबसे महत्वपूर्ण अनुभूति साझा करने जा रही हूं वह है 15 अगस्त, 2012 का दिवस ।जब एक बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के रूप में मैंने अपनी तिरंगे को अपने हाथों से लहराया और मां भारती के चरणों में अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए ।बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ठाकुरगंज, किशनगंज के रूप में झंडोत्तोलन करते हुए मुझे सच में प्रतीत हुआ कि भारत माता के आंचल में अपने जीवन को दान स्वरूप समर्पित किया और सेना के जवान की तरह मैं भी अपने कर्तव्य पथ पर एक कतार में खड़ी हो गई हूं और पुनः पुनीत भैया का गीत "दान मांगेलीऽऽऽ बलिदान मांगेलीऽऽ, आज भारत माता हमनी से दान मांगेलीऽऽऽ गूंजती और चरितार्थ होती नजर आती है। यह सिलसिला तो अब जीवन का एक अभिन्न हिस्सा बन गया है जब पदस्थापन वाले स्थान पर जहां अपना कार्यालय है वहां स्वयं झंडोत्तोलन करने एवं महादलित बस्ती में जाकर झंडोत्तोलन करवाने की अनुभूति तो वर्णनातीत है। सच में ,हर भारतीय के लिए यह सौभाग्य की बात है कि वह अपने संस्थान के प्रधान के रूप में अपनी स्वतंत्रता की ,अपने देश के तथा संपूर्ण देशवासियों की स्वतंत्रता के गौरव का प्रतीक अपने तिरंगे को लहराता या लहराती है। लेकिन कहीं ना कहीं यह उसे टीस को  भी याद दिलाता है कि कभी हम गुलाम थे परंतु ,देश के महान विभूतियों के बलिदानों की दास्तां भी बयान करता है।यादों की स्मृतियों में अनगिनत अनुभूतियों का यह सिलसिला जीवन के  सफर में मुसलसल चलता ही है। इन्हीं खट्टी- मीठी अनुभूतियों की थाती जो हमने अपनी पिछली पीढ़ी से प्राप्त की, अपनी भावी पीढ़ी को सुपुर्द करते जाना है और " *देशभक्ति की अलख* " को हर पीढ़ी में बनाए रखना है, जगाए रखना है।

डॉ. दर्शना कुमारी ( स्वतंत्र लेखिका) , 
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी
darshanakumari16@gmail.com

Sunday, 20 August 2023

देशभक्ति की अलख

देशभक्ति की अलख 
आगे .....
            स्वतंत्रता दिवस की कल्पनाओं के पश्चात हमारे साथ जो अभी तक अनगिनत यादों से जुड़ी अनुभूतियां हैं ,जिन्हें याद कर हममें से हर किसी का मन प्रफुल्लित हो उठता है।यदि आम भाषा में कहें तो दिल बाग -बाग हो जाता है । टाइम मशीन आज उनमें से कुछ ऐसे पलों की ओर ले पहुंची है जिसकी धुंधली- धुंधली सी झलक मात्र हीं दिख पा रही है.जो ना जानें कितने वर्षों पूर्व की है , जब शायद मैं सिर्फ पांच साल, हां पांच वर्ष की हीं रही होऊंगी ।तब छपरा जेल के कोने के पास स्थित विद्यालय में मेरा नामांकन हुआ था । 15 अगस्त को एकदम से क्रीच लगे लगे शर्ट और स्कर्ट, टाई, बेल्ट, बैच,हाथों में केसरिया और हरा रिबन तथा बालों में सफेद रिबन का हेयर बैंड बनाकर बगल में फूल बनाकर मां ने जैसे तैयार कर दिया उसी में स्वयं को निहारते हुए रिक्शे वाले चाचा का इंतजार करना जैसे सबसे बड़ा बोझिल कार्य होता था। सुबह-सुबह तैयार होकर कभी मां से तो कभी पापा से 5 मिनट में दसों बार एक ही बात को दोहराती की कब आएंगे रिक्शा वाले चाचा ???और जैसे ही वह आते मेरी बौंछे खिल जाती।वह हमें जब रिक्शा पर बिठाते उसे समय मनो हवा में उड़ने की प्रतीति हो जाती ।अब आती आपस में ड्रेस की तुलना और एक दूसरे के ड्रेस ,रिबन ,फूल को निहारते हम विद्यालय पहुंच जाते । एक बात तो रह हीं  गई जो बड़ी दिलचस्प है और उसे ना वर्णित किया जाए तो उसे पल के साथ बेमानी हो जाएगी ।बात यह थी कि मेरे एक पोते का दाखिला भी इसी विद्यालय में हुआ था, नाम नहीं लिखूंगी लेकिन स्मरण मात्र से मन में गुदगुदी होती हो रही है तो बताऊंगी जरूर। वह अपने ईआ -बाबा (दादी - दादा )का बड़ा ही दुलारुआ था।  अक्सर छोटे बच्चों में कुछ बच्चे विद्यालय के नाम से बहानों की लड़ी लगा देते हैं,  वह उनमें से एक था। घर में कई बहानों के बाद भी जब उसको जबरदस्ती गोद में उठाकर रिक्शा में डाला जाता तब, रोते - चिल्लाते भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल करने के लिए अपनी उम्र के अनुसार जिन शब्दों को चुन सकता उसका सर्वोत्तम प्रयोग करते हुए चिल्लाता "ईआ  रे ईआ  ना जाएम रे ईआ , बचाव रे ईआ , मास्टरवा बड़ी मारेला रे ईआ ।" उसके ऐसे रोते चिल्लाते गोद से भगाने के लाख प्रयत्नों के बावजूद उसके चाचा उसे रिक्शा में डालते और नीम की पेड़ की ओट से देखती उसकी ईआ के मानो कलेजे के टुकड़े हुए जाते।उनकी आंखों से अश्रु की धार भी ऐसे बहती मानो बेटी की विदाई की वेदना हो या उससे भी कहीं अधिक। यह वाकया आए दिन होता रहता ।फिर थोड़ी दूर जाने के पश्चात सुबकते -सुबकते हमारे साथ विद्यालय पहुंचता, वहां पहुंचने के बाद हमारी कतार अलग हो जाया करती थी। झंडोत्तोलन के समय शिक्षक गण ,प्रधानाचार्य महोदय जो भी भाषण देते, तब उसका ना बहुत मतलब समझ आता और ना ही उससे कोई मतलब ही था ।जिस बात से मतलब था वह यह कि "झंडा ऊंचा रहे हमारा" और फिर जलेबी मिलती । उस जलेबी को पाते ही ऐसी अनुभूति होती मानो प्रसाद मिल रहा हो  बड़े ही श्रद्धा से खाई जाती थी उसे जलेबी को ।यह सिलसिला सेंट माइकल स्कूल ( आगे की पढ़ाई इसी स्कूल में हुई थी) में भी यूं ही बना रहा ।संभवत: यह परिवार और प्राथमिक विद्यालय के दिए संस्कार ही थे जो 15 अगस्त को व्रत की तरह बिना कुछ खाए 7:30 से 8:00 बजे पूर्वाह्न हो अथवा 9:00 बजे (जो हाई स्कूल का समय हो गया) स्वतंत्रता दिवस के दिन झंडोत्तोलन के पश्चात ही अन्न का दाना और खासकर जलेबी खाई जाती थी। मानो कोई ऐसा अनुष्ठान हो जिसका पारण जलेबी से ही होता था ।हाई स्कूल से तो इतनी यादें जुड़ी हैं जिसकी नींव पर वर्तमान टिका हुआ है। एक और दिलचस्प   बात, जब छठी ,सातवीं,आठवीं,नौवीं तथा दसवीं कक्षा के बच्चे 15 अगस्त की तैयारी के लगभग एक माह पूर्व से हीं तैयारी प्रारंभ कर देते थें। जिन बच्चों को भाषण अथवा राष्ट्रीय गीत या नृत्य में भाग लेना होता उनकी  रूटिंग कक्षाओं से अलग भोजनावकाश  के पश्चात खासकर छठी सातवीं या सातवीं आठवीं पीरियड के स्थान पर अलग किसी हाल अथवा कॉमन रूम में रियाज कराई जाती थी।जिन भी गुरुजनों की कक्षाएं ऑफ रहा करती थी वह तो रहते ही थें ,लेकिन सबसे बड़ी जिम्मेदारी थी मीरा पुरी मैम की ।संभवत उनकी संगीत के प्रति अभिरुचि और संगीत से लगाव उन्हें इस जिम्मेदारी के निर्वहन हेतु प्रेरित करती ,जबकि अध्यापिका वह जीव विज्ञान की थीं। उस समय, जब हम अपनी सामान्य कक्षाएं छोड़कर रियाज के लिए जाया करती थीं तब हमारी सीनियर्स भी वहां होती थीं ,जिनकी प्रस्तुति देखकर प्रेरित होना स्वाभाविक ही था। खासकर, जब रितु दीदी  वंदे मातरम पर अपनी नृत्य की भाव भंगिमाओं से मानो अपना सर्वस्व मां भारती को ही अर्पित करतीं । वहीं ,पुनीत भैया और सुधांशु भैया जब अपनी सुरीली आवाज़ में गाते 
"दान मांगे लीऽऽ बलिदान मांगें लीऽऽऽ आज भारत हमनी से दान मांगे लीऽऽऽ,
 नाहीं मांगे सोना चांदी, महल अटरियाऽऽऽ
खेतवा में सजलऽऽऽ होऽऽऽ, खेतवा में सजल किसान मांगेलीऽऽऽ।
 आज भारत माता हमनी से दान मांगेली ।
मईया के गोदीया, बहिनिया के सेनुरा ऽऽ
सेनवा में सजलऽऽऽ होऽऽऽ , सेनवा में सजल जवान मांगेली आज भारत माता हमनी से दान मांगे लीऽऽऽ।"
   ऐसे गीतांशों को सुनकर लगता था मानो भारत माता को दे सकने वाले सर्वश्रेष्ठ दानी हमें हीं होना चाहिए।ऐसे अनगिनत भाव नृत्यों में भाग लेकर स्वयं को अन्य विद्यार्थियों से थोड़ा श्रेष्ठ समझने की अनुभूति स्वत: हीं आ जाती है..... क्रमश:

डॉ. दर्शना कुमारी
 (स्वतंत्र लेखिका)
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी
darshanakumari16@gmail.com

Tuesday, 15 August 2023

देश भक्ति की अलख

देशभक्ति की अलख 

स्वतंत्रता दिवस कहें या स्वाधीनता दिवस एक ही बात है।परंतु,जिस बात में कुछ बात है वह यह है कि इस दिवस के साथ हमारी अनगिनत कल्पनाएं, असंख्य अनुभूतियां और न जाने कितनी अविस्मरणीय यादें जुड़ी हुईं हैं।कल्पनाओं की बात करें तो छठवीं कक्षा से अभी तक के विद्यार्थी जीवन में इतिहास की पाठ्य पुस्तकों में वर्णित एक-एक  पात्र के संघर्ष की गाथा जैसे चलचित्र की भांति मानस पटल पर तैरते नजर आते हैं। शुरुआत कहां से करूं समझ नहीं पा रही , यदि ब्रितानियों के आगमन के साथ मुगल बादशाह के समक्ष सजदा करने के साथ-साथ बहादुर शाह जफर के रंगून भेजने का चलचित्र एक ओर चलता है जिसमें मसाले के व्यापारियों द्वारा हमारी मातृ भूमि को चूमते हुए उसे पर थूकना प्रारंभ कर दिया ।हमारी संस्कृति को ध्वस्त करने ,हमारे आत्मजनों को बंदिश में बांधना और अंततः गुलाम बनाने में सफलता प्राप्त करने के पीछे कर षड्यंत्र दुर्बलताओं का लाभ उठाना और हमीं से हमीं पर गोलियां दागने की स्थिति उत्पन्न करने की कल्पनाएं भी चित्रित होती जाती हैं।तो दूसरी ओर कल्पनाओं में बालपन से युवावस्था तक कभी सन्यासी विद्रोह ,कभी आदिवासी विद्रोह ,तो कभी सिपाही विद्रोह ,कभी स्वदेशी आंदोलन, कभी असहयोग आंदोलन, तो कभी भारत छोड़ो आंदोलन की कल्पना  की कल्पना में कभी वंदे मातरम की लहर, कभी बिरसा मुंडा, कभी मंगल पांडे कभी चंद्रशेखर आजाद सरीखे व्यक्तित्व की कल्पना, कल्पना मात्र ही लगती है कि कैसे कोई इस निडरता की भूमिका निभा सकता है और इससे भी बड़ी कल्पना यह प्रतीत होती है उन अनगिनत अनाम  जाबांजों की जिनके अदम्य साहस और समर्पण ने विद्रोह को विद्रोह ,आंदोलन को आंदोलन बनाया। बिरसा, सिद्दू ,कानू मंगल पांडे, चंद्रशेखर आजाद सरीखे व्यक्तित्व को इतिहास के पन्नों में दर्ज किया।साथ हीं राजा राममोहन राय, स्वामी दयानंद सरस्वती, ईश्वर चंद्र विद्यासागर, ज्योतिबा फूले, दादा भाई नौरोजी, गोपाल हरी देशमुख ,लाला लाजपत राय, बाल गंगाधर तिलक, बिपिन चंद्र पाल, खुदीराम बोस ,भगत सिंह ,वीर कुंवर सिंह, महारानी लक्ष्मीबाई, रानी दुर्गावती, रानी अहिल्या बाई, रानी गैंडियालु  सरीखे अनगिनत व्यक्तित्व की झलक दिखला जाती है जिसकी कल्पना मात्र से मन - मस्तिष्क झन्ना जाता है। विद्वता के चलते-फिरते, हार्ड -मांस के पुतले, वीरांगनाओं की प्रतिमूर्तियां, जो अपनी प्रजा की रक्षा हेतु पुत्र तक को पीठ पर बांधकर फिरंगियों से लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हुईं। हमारा बाल मन या यूं कहे तरुण  मन अक्सर ही यह कल्पना करते , उधेड़बुन में रहता है कि क्या मंजर रहा होगा जब फिरंगी जो खुद को श्रेष्ठ समझते थे ,भारतीयों की वीरांगनाओं की खुलकर प्रशंसा किया कर रहे होते ??छापामार युद्ध कैसा होता होगा ???गोरिल्ला युद्ध की क्या प्रक्रिया रही होगी ???कैसी कैसी रणनीतियां बनती होंगी ???कोडिंग डिकोडिंग कैसे की जाती होगी??! कैसे कोई "गेहूं और गुलाब"  "कागज की कश्ती" आदि का अर्थ समझ पाता होगा ???कल्पनाओं के डगर में कैप्टन हॉकिंस से लेकर कार्नवालिस, डलहौजी, वेलेजली, डायर ,विलियम बेंटिक से लेकर मार्ले, मिंटो, मांटेग्यू ,चेम्सफोर्ड तथा माउंटबेटन जैसी ब्रितानी पदाधिकारियों के व्यक्तित्व की कल्पना भी होती है ।जिनकी अपने देश और राज्य की नीतियों को लागू करने में अपनाई गई नीतियां, रणनीतियां और धैर्य की कल्पना कई नए आयाम उभारते हैं। कभी भय तो कभी प्रशंसा के भाव स्वत: स्फुरित करते हैं।कल्पनाओं के इस संसार में बाल मन कभी यह नहीं समझ पाता कि गुलामी का जख्म क्या होता होगा ??? मां भारती के चरणों में न्योछावर हो जाना कैसे गर्व की बात हो सकती थी??? परंतु जैसे-जैसे उम्र की दहलीज पार करते जाता है और हमारा बाल मन तरुणाई की अंगड़ाई लेने लगता है तब राष्ट्रभक्ति, देशभक्ति के लिए त्याग बलिदान का अर्थ समझने लगता है और यह तब यह समझ पाता है कि कैसे 23 दिनों तक भूख हड़ताल पर रहने की शक्ति मिली होगी और अंतत:अपने स्वाभिमान ,अपनी जन्मभूमि के रक्षार्थ अपने प्राणों को बचाने की अपेक्षा न्योछावर करना ज्यादा श्रेयस्कर प्रतीत होता है ,और कैसे हंसते-हंसते कोई फांसी चढ़ सकता है?? इन प्रश्नों का उत्तर भी मिलने लगता है। क्योंकि उम्र के इस पड़ाव पर प्रकृति मानव में इतनी शक्ति, इतना साहस भरती है जो दुनिया मुट्ठी में करने, तारों को तोड़ लाने का साहस अपने अंदर महसूस करता है । एक बार फिर यह बालमन दुविधा में पड़ता है कि कैसे एक हार्ड मांस का पुतला जो "अर्धनग्न फकीर" कहलाता है, बिना किसी तो बारूद, बंदूक अथवा हथियार के ,फिरंगियों से सत्य और अहिंसा रूपी शस्त्रों के बल पर युद्ध छेड़ता है और उस युद्ध में उनके साथ संपूर्ण जनमानस खड़ा हो जाता है। आश्चर्य की सीमा तो तब होती है जब अंतत: वह इन्हीं दोनों हथियारों के दम पर ब्रितानियों को हराने के अपने दूसरे प्रयोग में भी सफल हो जाता है। संभवत: आने वाली पीढ़ी गांधी जी के व्यक्तित्व को कपोल काल्पनिक व्यक्तित्व हीं समझे, परंतु हमारी पीढ़ी जैसे ही बाल मन से उभरती है तरुण और युवावस्था में पहुंचती है वह गांधी जी ,नेहरु जी ,स्वामी विवेकानंद जी को अपना आदर्श मानने लगती है। वर्तमान परिवेश में आदर्श मनाने और उसे व्यक्त करने के तरीके में दशकों पूर्व की अपेक्षा थोड़ा परिवर्तन तो अवश्य ही आ गया है ।पहले हम देश भक्ति और अपने आदर्शों को अपने मन तक ही सीमित रखते थे परंतु अभी हम खुले आम सोशल मीडिया के माध्यम से अपने विचारों, अपनी भावनाओं ,अपने प्रतिदिन के कृत्यों को व्यक्त करने में समर्थ हो गए हैं और हम कर भी रहे हैं।हमारे देश को गुलामी की बेड़ियों से स्वतंत्रता प्रदान करने में बलिदानियों का नाम गिनते- गिनते सुबह से शाम और शाम से सुबह होती रहेगी लेकिन पूरी नहीं हो पाएगी । जिन बलिदानों की कल्पना मात्र से हमारी रूह थर्रा उठती है वो बलिदान वाकई में हुए हैं। अतः हमारी पीढ़ी की यह सबसे बड़ी जिम्मेदारी है कि भावी पीढ़ी को इस धरोहर को संजोने का पाठ पढ़ाते रहें । माध्यम चाहे जो भी हो देश के प्रति भक्ति और समर्पण की भावना की अलख जलती रहनी चाहिए ...... क्रमश:

डॉ. दर्शना कुमारी
(स्वतंत्र लेखिका)
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी
darshanakumari16@gmail.com

Saturday, 12 August 2023

मित्र की मित्रता : एक अमूल्य धरोहर



वर्ष 2023की मित्रता दिवस पर सभी के सभी मित्रों को अनंत शुभकामनाएं और बधाइयां ।हम सभी के सभी मित्र जहां भी हो स्वस्थ और सुखी हो यह प्रार्थना है। इस दिवस पर हर व्यक्ति अपने इष्ट मित्रों ,जिगरी दोस्तों के साथ बिताए उन पलों को अवश्य ही याद करता है जिनके स्मरण मात्र से मन प्रसन्न और शरीर रोमांच से भर जाता है ।मेरे साथ पुनः आज टाइम मशीन अठखेलियां करते हुए अतीत के कई छोटे-छोटे पलों में भेजती चली गई और मैं गोते लगा लगा कर खुश होती चली गई। कुछ साझा कर रही हूं सबसे पहले तो मित्रों की टोली याद आई, सबकी होती है, इसमें कोई बड़ी बात नहीं है जिस बात में बात है वह यह है कि टोली के सदस्यों में मैं मेरा छोटा भाई आशीष ,पोता सुनील (पुश्तैनी स्थान में जन्म के साथ ही मैं दादी बन चुकी थी) सुनील मुझ से 2 वर्ष बड़ा था और पुन्नू, विक्की ,पप्पू ,धीरज भतीजे थे वह भी मुझसे बड़े ही थे। वीणा और नीलम मेरी भतीजियां भी मुझसे बड़ी ही थी। फिर भी, हम सभी एक दूसरे से जुड़े थे और सबसे मजा तब आता था जब विक्की ,पप्पू और धीरज अपनी गर्मी की छुट्टियों में घर आया करते थे, तब हम दोस्तों की टोली अनेकानेक करतब किया करती थी ।एक बात जो हमें हमेशा रोमांचित करती है कि जब हम शहतूत के पेड़ों पर घंटों बैठकर शहतूत खाते थें और उसकी मिठास को मानो ऐसे व्यक्त करते जैसे संपूर्ण संसार का आनंद पा लिया हो, वक्तव्य ऐसे हुआ करते - " देख हमरा  सबसे पाकल तूंत (भोजपुरी में शहतूत को तूंत बोलते हैं) मिलल बा", तब तक दूसरा बोलता "हमरा त चीनी जईसन मीठ तूंत मिल गईल तभी तपाक से तीसरा कोई बोलता "हम त ई तूंतवा खा के सीधे स्वर्ग में चल गइनी" आदि आदि अनगिनत वाक्यांश  जैसे तब रोमांचित करते थें उससे भी अधिक कुछ दिनों पहले जब हम साथ बैठे विक्की की पत्नी के साथ उन बातों को बता रहे थे तब रोमांचित महसूस कर रहे थे। हमारे साथ सेजल ( विक्की की पत्नी)भी मानो उस समय (era) में खुद को जीवंत पा रही थी। मानो हमारा बचपन हमारे सामने ही चलचित्र की भांति जीवंत चल रहा हो और हम ही उसके दर्शक भी बनकर प्रफुल्लित हुए जा रहे हों। संभवतः हमारे शरीर में सेरोटोनिन और डोपामाइन जैसे रसायन का स्राव होता जा रहा था और जिस खुशी का अनुभव हम कर पा रहे थे वह शब्दों में बयान करने से परे है ।ऐसा नहीं कि यह पहली बार है और सिर्फ मेरे साथ ही होता है हम सभी के साथ होता है ।आज मित्रता दिवस पर उन सभी दोस्तों को धन्यवाद उनकी लंबी आयु की प्रार्थना हर कोई कर रहा है जिन्होंने हर अच्छे- बुरे वक्त में हमारा साथ निभाया ,जाने- अनजाने एक दूसरे का सपोर्ट किया ।क्योंकि रक्त संबंध के बाद मित्र ही वह शख्स है जो हमारे लिए सबल होता है, हम सोच पाते हैं कि दुनिया में यदि हर कोई विपरीत जाकर खड़ा है तब भी मेरी मित्र है ना, कोई बात नहीं जग को फिर से जीत लूंगी। यह अंतस  का वह बल है जिसके सहारे कठिन -से -कठिन परिस्थिति का सामना करने में हम सक्षम हो पाते हैं। मित्र के अपने साथ खड़ा होने मात्र से स्वतः ही एक सकारात्मक ऊर्जा उत्पन्न हो जाती है l
            यह कहा जाता है कि किसी भी रिश्ते को किसी दिवस में नहीं बांधा जा सकता।साथ हीं इस बात पर भी बहस होती ही रहती है कि रिश्तों के दिवस मनाना ही क्यों???  मेरी समझ से वैश्विक स्तर पर ,राष्ट्रीय स्तर पर, राज्य, जिला ,प्रखंड ,पंचायत ,ग्राम अथवा परिवार और व्यक्तिगत स्तर पर यदि गौर से देखा जाए तो हमारा जीवन व्यस्त से व्यस्ततम की ओर बढ़ता जा रहा है ।इसी व्यस्ततम दिनचर्या में अपने अपनों के लिए किसी खास दिवस पर अपने जीवन के अनमोल पलों ,सुख -दुख के क्षणों में अपना साथ निभाने के लिए ,अपने मन के उदगार व्यक्त करने ,अपनी भावनाओं को प्रकट करने के लिए ही संभवत: रिश्तो का दिवस मनाने की प्रथा का प्रचलन बढ़ता जा रहा है। यद्यपि भारतीय सभ्यता का हवाला देते हुए हममें से अनेक  बंधुओं का यह तर्क अवश्य ही रहता है कि रिश्तो का दिवस मनाने का प्रचलन हमारे देश की संस्कृति में नहीं रहा। वह चाहे मातृ दिवस ,पितृ दिवस, पुत्री दिवस ,मित्रता दिवस या अन्य कोई भी दिवस हो ।शिक्षक दिवस की बात इसलिए नहीं की जाती क्योंकि उसके पीछे का तर्क सभी पचा पाते हैं कि देश के महान दार्शनिक जिन्होंने राष्ट्रपति पद तक को सुशोभित किया, ने अपनी यात्रा एक शिक्षक के रूप में प्रारंभ की थी ।उन महात्मा की स्मृति में उन्हें अपनी श्रद्धा अर्पित करने उनके सम्मान में हम शिक्षक दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाते हैं जिसकी स्वीकृति भी बहुसंख्यकों से प्राप्त रहती है। यद्यपि गुरु पूर्णिमा की प्रथा हमारी संस्कृति में प्राचीन काल से चली आ रही है तथापि दोनों दिवसों की मान्यता समानांतर चल रही है ।यदि तार्किक रूप से देखा जाए तो जिन दिवसों के लिए हम विदेशी होने का दावा करते हैं ,पाश्चात्य का होने का दावा करते हैं उसके पीछे की भावना भी संभवत यही हो। हम किसी एक दिवस पर अपने माता ,पिता ,बंधु, बेटी को अत्यंत ही स्पेशल फील करवाने की चाहत ,उनके प्रति सम्मान प्रकट करने की भावना ,व्यस्ततम से भी व्यस्ततम दिनचर्या के बावजूद उनके प्रति अपना प्रेम ,छिपी हुई भावनाएं प्रकट करने का प्रयत्न हो ।यदि विकास के चरणों की बात की जाए तो अर्थशास्त्री  रोस्टोव द्वारा दशकों पूर्व यह सिद्ध किया जा चुका है कि पश्चिम हमसे सौ ,डेढ़ सौ वर्ष आगे बढ़ चुका है। संभवत: यही वजह है कि हमारे यहां वर्तमान में मातृ दिवस , पितृ दिवस या अन्य दिवसों को सर्वमान्य स्वीकृति नहीं मिल पाती परंतु प्रकृति के परिवर्तन के नियम के तहत शनै: -शनै: ही सही परिवर्तन तो हो ही रहा है ,समाज के एक बड़े तबके द्वारा स्वीकारोक्ति मिलती जा रही है। आज भारतीय संस्कृति में परिवार से जुड़े रहकर भी बच्चे कारपोरेट ,प्रशासन, व्यवसाय आदि क्षेत्रों में अपना भविष्य चुन रहे हैं और अपने जन्म स्थान से दूर रहने को बाध्य हैं ।मजबूरी में ही सही परंतु एक छत के नीचे ,एक गांव में नहीं  रह पाने की बाध्यता तो है हीं। इस परिवर्तित परिवेश में यदि किसी दिवस पर अपने अपनों को याद कर उनका हमारे जीवन में होने के लिए आभार व्यक्त करना ,उनके साथ बिताए पलों के लिए अपने मन के उद्गार व्यक्त कर लेने में क्या गुरेज है । सभी स्नेहीजनों के सभी मित्रों को पुनः आज के दिवस की बहुत बहुत बधाई और अनंत शुभकामनाएं।

डॉ. दर्शना कुमारी ( स्वतंत्र लेखिका) 
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी 
darshanakumari16@gmail.com

Wednesday, 7 June 2023

पहली गोदभराई

                  पहली गोदभराई 



कोमल कुमारी , एक 19 या 20 वर्ष की दुल्हन जिसका विवाह मानो मुश्किल से एक वर्ष पूर्व हुआ था । आज केंद्र संख्या 61 पर निरीक्षण के समय उसकी गोदभराई  के दौरान मैंने स्वयं और अनुमंडल  पदाधिकारी ने भी नोटिस किया परंतु संकोचवश मैं बोल नही पाई और अनुमंडल पदाधिकारी महोदय ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए शब्दों में पिरोते हुए  कोमल की सास से यह  कहा कि जो सास अपनी बहू को पंखा झल सकती है वह निःसंदेह अच्छी सास हैं।दरअसल ,बात यह हुई कि गोदभराई कार्यक्रम के दौरान बिजली गुल थी , कोमल ने साड़ी तो पहनी हीं थी साथ हीं खूबसूरत सी चुनरी भी ओढ़ रखी थी । कोमल वाकई में कोमल ही लग रही थी । 19 से 20 वर्ष की नई - नवेली दुल्हन ,जिसके हर अंग ने मानो अभी - अभी तरुनाई की दहलीज पार की है । पहली बार गर्भधारण करने के बाद वह भी अल्हड़ की तरह हीं मासूम - सी मुस्कान के साथ हमारी बातें सुन रही थी।हालांकि हमने अपनी बातों को बड़े हीं सरल अंदाज में रखा था लेकिन उसके चेहरे के हाव -भाव से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि कुछ बातें तो वह समझ रही थी परंतु कुछ बातें उसके पल्ले हीं नहीं पड़ रही थी परंतु वह सभी बातों को बड़े हीं धैर्य से सुन रही थी। मैंने देखा उसके मुखमंडल पर छाई मासूमियत जैसे ऊंघ रही थी जब एसडीओ सर उसको और उसकी सास तथा परिवार के अन्य सदस्यों को चार प्रसव पूर्व जांच के विषय में बता रहे थें।साथ हीं , जब सर ने यह कहा कि स्त्री की सबसे बड़ी शत्रु स्त्री हीं होती है लेकिन यह भी अकाट्य सत्य है कि सबसे अच्छी मित्र भी स्त्री हीं होती है यदि उनकी अंडरस्टैंडिंग ठीक से बैठ जाए। अपने अभी तक के अनुभव  में सर ने यही पाया था कि परिवार में स्त्री के साथ हो रहे डिस्क्रिमिनेशन के पीछे अमूमन स्त्री का हीं हाथ होता है । जब सर ने कहा कि भोजन करने में कोमल यह तो नहीं करती कि सबसे अंत में खाएगी पहले घर के पुरुष सदस्य तथा अन्य सदस्य खा लें । अभी सर की बात या यूं कहें कि वाक्य पूरे भी नहीं हुए थे कि तपाक से कोमल की बड़ी सासू मां बोल पड़ी कि अब वो जमाना चला गया सर । यह सुन कर सर को और हम सभी को बड़ी प्रसन्नता हुई।साथ हीं उसकी सासू मां को अन्य महिलाओं से फुसफुसाते हुए भी सुना कि वह अपनी बहू का कितना ख्याल रखती है । अरे, बातों बातों में यह बताना तो भूल हीं गई कि कोमल की सास, बड़ी सास और कोमल को एक साथ देख कर हम सभी यह देखकर चकित रह गए कि तीनों मानो थोड़ी हीं छोटी - बड़ी हैं। तब तो एसडीओ सर सहित हम सभी ने हंसी में बात को टाल दिया परंतु मेरे जेहन में यह बात घुलती रही क्या यह सही है , इसका कारण क्या है आदि ,आदि।जिज्ञासु मन मेरा ,तर्क वितर्क करते हुए बड़े हीं भारी मन से इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि यह परिणाम है बाली उमरिया में ब्याह हो जाने का । कम उम्र में शादी के कारण रिप्रोडक्टिव उम्र में शरीर परिपक्व हुए बिना हीं ये महिलाएं मां बन गईं जिस वजह से आज भी इनका शरीर उस कमी को भर नहीं पाया । हमने कोमल की आंखों की जांच की और वहीं उपस्थित आशा दीदी से भी पुष्टि की कि वह तो पूरी तरह से एनिमिक है। सभी को समझाया कि कम उम्र में शादी हो जाने से मां बन जाने के पश्चात महिलाओं का शरीर परिपक्व नहीं हो पाता । साथ हीं , बातों - बातों में सर ने यह भी समझा दिया कि अगला बच्चा तीन वर्षों के बाद हीं प्लान करने की सोचना । कोमल और उसकी सास थोड़ी झेंप अवश्य गईं परंतु अंततः उन्हें समझ आई कि यह बातें उन्हें क्यों बताई जा रही हैं। अब फर्श पर अनाज ,साग ,सब्जी ,फल ,नमक ,तेल ,चना ,गुड, मूंग,मूंगफली आदि से बनी रंगोली के विषय में कोमल और उसकी सास को समझाया गया तब उन्होंने बहुरंगी भोजन और दिन में दो घंटे के आराम के महत्व को समझा तथा यह आश्वासन दिया कि उसे फॉलो करेंगी। अब घड़ी आई गोदभराई संस्कार की जैसे हीं चावल, दाल,फल, फूल,चूड़ी ,बिंदी,सिंदूर, नारियल आदि को शनैः - शनैः मैने और एसडीओ सर ने कोमल के आंचल में डालना प्रारंभ किया वैसे हीं उपस्थित महिलाओं ने मंगल गीत का गान प्रारंभ कर किया । हमारी तो हर माह की दैनंदिन में शामिल है परंतु एसडीओ सर के मुखमंडल की आभा यह वयक्त करने को आतुर थी कि वह क्षण कितना अद्भुद,कितना अविस्मरणीय था । अंततः शब्दों ने अपनी कलाकारी वाक्य में परिणत कर जिह्वा को यह व्यक्त करवाने में क्षण भर भी विलंब करना मुनासिब नहीं समझा और वाक्य प्रस्फुटित हुए कि यह मेरे द्वारा की गई पहली गोदभराई संपन्न हुई। उनके भाव प्रस्फुटित शब्दों से बढ़ कर व्याख्या कर रहें थें। जमीन पर बैठ कर एक कन्या के आंचल में उसकी भावी संतान की अनगिनत खुशियों का आशीर्वाद उपस्थित सभी ने दिया परंतु जो आत्मिक संतुष्टि , जो खुशी सर के मुखमंडल पर छाई रही,वह मुझे अन्यत्र नहीं दिखी। हम सभी ने सर को वहां आकर इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने हेतु बहुत आभार व्यक्त किया और सर की विदाई की । 
                 डॉ. दर्शना कुमारी ( स्वतंत्र लेखिका)
             बाल विकास परियोजना पदाधिकारी
darshanakumari16@gmail.com

Tuesday, 3 January 2023

वृद्धि निगरानी : जीवन की आधारशिला



समेकित बाल विकास सेवाएं अंतर्गत फरवरी , 2023 से प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह को पोषण निगरानी / वृद्धि निगरानी सप्ताह के रूप में मनाए जाने का निर्णय लिया गया  है ।इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों का समय से वजन माप करना,आवश्यकतानुसार जरूरतमंद बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) भेजना, लंबे समय तक कुपोषित रहने वाले बच्चों के अभिभावकों को उचित परामर्श देते हुए उनके स्वास्थ्य में सुधार हेतु आवश्यक कदम उठाना आदि है। वृद्धि निगरानी को स्पष्ट करते हुए कहा जा सकता है कि आंगनवाडी सेविकाओं द्वारा अपने केंद्र अंतर्गत पंजीकृत प्रत्येक बच्चे की एक निश्चित समय अवधि पर शारीरिक माप लेकर उनकी पोषण स्थिति ,शारीरिक वृद्धि और विकास का पता लगाया जाता है। बच्चों की उम्र के अनुसार उचित वृद्धि उनके न केवल स्वस्थ रहने बल्कि मानसिक और बौद्धिक क्षमता की वृद्धि से भी संबंधित है ।जीवन के प्रारंभिक वर्षों में विकास उनके वयस्क होने के उपरांत स्वास्थ्य, पोषण और उत्पादकता को अत्यंत ही प्रभावित करता है।
 
 वृद्धि निगरानी के माध्यम से बच्चों की निगरानी के दौरान माता को समय से स्वास्थ्य एवं पोषण शिक्षा दिया जाना संभव हो पाता है तथा प्रारंभिक स्थिति में वृद्धि अवरोध और वजन में कमी की जानकारी भी संभव हो पाती है जिससे बच्चों की वजन ग्रेडिंग निर्धारण के साथ पूरक पोषाहार की विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान होती है। वृद्धि की दर जीवन के प्रारंभिक वर्षों में सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। विभिन्न शोध पत्रों से ज्ञात हुआ है कि बच्चों के दिमाग का 80% विकास प्रारंभ की 2 वर्षों  में ही होता है । जन्मोपरांत पांच माह की अवस्था पूर्ण करने तक  जन्म के समय के वजन का दोगुना वजन तथा एक वर्ष की अवस्था पूर्ण होने तक तीन गुणा वजन बढ़ता है ।इसी के साथ 1 वर्ष पूर्ण होते होते लंबाई में 25 सेंटीमीटर की वृद्धि होती है दूसरे वर्ष में 12 सेंटीमीटर तीसरे वर्ष में 9 सेंटीमीटर चौथे वर्ष में 7 सेंटीमीटर तथा पांचवें वर्ष में 6 सेंटीमीटर की वृद्धि होनी चाहिए। वही वजन की बात की जाए तो 3 माह तक में 200 ग्राम 4 से 6 माह तक में 150 ग्राम 7 से 9 माह तक में 100 ग्राम तक की बढ़ोतरी होती है ,इसके पश्चात 10 से 12 माह तक में 50 से 75 ग्राम 12 से 24 माह तक में 2500 ग्राम और 24 से 60 माह तक 2000 ग्राम वृद्धि होनी चाहिए।
 वृद्धि निगरानी के विभिन्न चरण : 

 - बच्चे की जन्म तिथि का सही निर्धारण  करना, 
- लिंग के अनुसार   वृद्धि चार्ट पर बच्चे का माप सही तरीके से अंकित करना अर्थात बालकों के लिए नीला  तथा बालिकाओं के लिए गुलाबी रंग के वृद्धि चार्ट का  प्रयोग किया जाए,
- प्रत्येक वृद्धि चार्ट में वृद्धि रेखा की दिशा समझना और जांचना कि क्या वृध्दि पर्याप्त है,    - - -देखभालकर्ता को सही सलाह देना ।
 यदि वृद्धि चार्ट में हरे रंग के खेमे में वृद्धि रेखा ऊपर की ओर बढ़ती हुई रहे तब मां को शाबाशी देते हुए उम्र के अनुसार आहार एवं भोजन तथा व्यक्तिगत  स्वच्छता का ध्यान रखने का परामर्श दिया जा सकता है। यदि वृद्धि रेखा समानांतर है तब बच्चे की आहार की मात्रा अथवा बीमारी के लक्षण अथवा भूख ना लगने के विभिन्न अन्य कारणों के विषय में जानकारी प्राप्त करते हुए बच्चे की भोजन की पौष्टिकता को बढ़ाने के साथ-साथ आहार की विविधता बनाए रखने की सलाह दी जानी चाहिए, बीमारी की स्थिति में चिकित्सीय परामर्श का अनुपालन करने हेतु विशेष देखभाल के लिए परामर्श दिया जाना चाहिए। यदि वृद्धि रेखा नीचे की ओर आती हुई इंगित हो रही है तब देखभालकर्ता  से बच्चे की बीमारी अथवा वजन में अत्यधिक गिरावट के कारणों का पता लगाते हुए बीमारी की स्थिति में आहार तथा विविधता पूर्ण आहार के विषय में जानकारी देते हुए चिकित्सीय परामर्श का पूर्ण अनुपालन करने की सलाह दी जानी चाहिए, साथ ही 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की स्थिति में ऊपरी आहार के साथ-साथ मां का दूध अर्थात स्तनपान कराते रहने संबंधी परामर्श भी दिया जाना अपेक्षित है।
        वृद्धि निगरानी संबंधी संपूर्ण जिम्मेदारी आंगनवाड़ी सेविका की है परंतु इनके सहयोग के लिए आंगनवाड़ी सहायिका तथा आशा दीदी भी रहेंगी जो 0 - 5 वर्ष तक के  सभी पंजीकृत बच्चों की पोषण ट्रैकर पर अपलोडिंग के लिए अपना सहयोग देंगी। वजन मापने हेतु वजन मशीन तथा उसका पोषण ट्रैकर एवं मातृ शिशु सुरक्षा कार्ड (एम.सी. पी. कार्ड) पर अंकन किया जाना अति आवश्यक है। चुकीं जीवन की प्रथम हजार दिवस "सुनहरे दिवस" कहलाते हैं अर्थात गर्भवास्था के 270 दिवस ,प्रथम वर्ष के 365 दिवस तथा द्वितीय वर्ष के 365 दिवस ।दूसरे शब्दों में यूं कहें कि गर्भाधान से दो वर्ष की अवधि में हुए विकास पर संपूर्ण जीवन की आधारशिला टिकी हुई होती है जिसमें विकास के पांचों आयाम - शारीरिक,मानसिक,भाषा,बौद्धिक एवम संज्ञानात्मक विकास आ जाते हैं। यदि सर्वांगीण विकास की इन आयामों का पांच से छह वर्षों तक में पूर्णतः ध्यान दिया गया हो तो वह व्यक्ति के प्रौढता की अवस्था तक में मददगार होता है, एक अच्छे व्यक्तित्व के निर्माण की आधारशिला रखता है। एक स्वस्थ शरीर में हीं स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है । शुरुआती दो वर्ष तो सुनहरे वर्ष घोषित हैं क्यूंकि इस अवधि में हुआ विकास  संपूर्ण जीवन के लिए अमृत समान है वहीं इस अवधि में हुई क्षति अपूरणीय क्षति मानी जाती है।इसके साथ हीं दो वर्ष से छह वर्ष तक बच्चों की उस बुनियाद, उस नीव का निर्माण होता है जिसपर उनके जीवन रूपी अट्टालिका खड़ी हो पाती है। अब यह वास्तव में मजबूत अट्टालिका बन पाता है या मकान अथवा कमजोर नीव वाली झोपड़ी यह उनके 6 वर्ष तक की सम्पूर्ण देखभाल द्वारा किए गए सर्वांगीण विकास पर निर्भर करता है। इसका अवलोकन करना ना केवल आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं  बल्कि हर उस व्यक्ति पर है जो स्वयं को एक जिम्मेदार नागरिक मानता / मानती हैं। प्रारंभिक 6 वर्ष तक बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु आवश्यक देखभाल जहां हर बालक/ बालिका का अधिकार है वहीं इसकी पूर्ति करना हर अभिभावक की जिम्मेदारी, कर्तव्य और दायित्व भी है।आइए वृद्धि निगरानी से हीं इसकी शुरुआत करते हैं क्योंकि जैसे हीं हम और आप मिल कर कतार में खड़े होते हैं दृढ़ विश्वास है कि कारवां बनता हीं चला जाएगा। 

         डॉ. दर्शना कुमारी ( स्वतंत्र लेखिका ) 
         बाल विकास परियोजना पदाधिकारी।