Tuesday, 15 August 2023

देश भक्ति की अलख

देशभक्ति की अलख 

स्वतंत्रता दिवस कहें या स्वाधीनता दिवस एक ही बात है।परंतु,जिस बात में कुछ बात है वह यह है कि इस दिवस के साथ हमारी अनगिनत कल्पनाएं, असंख्य अनुभूतियां और न जाने कितनी अविस्मरणीय यादें जुड़ी हुईं हैं।कल्पनाओं की बात करें तो छठवीं कक्षा से अभी तक के विद्यार्थी जीवन में इतिहास की पाठ्य पुस्तकों में वर्णित एक-एक  पात्र के संघर्ष की गाथा जैसे चलचित्र की भांति मानस पटल पर तैरते नजर आते हैं। शुरुआत कहां से करूं समझ नहीं पा रही , यदि ब्रितानियों के आगमन के साथ मुगल बादशाह के समक्ष सजदा करने के साथ-साथ बहादुर शाह जफर के रंगून भेजने का चलचित्र एक ओर चलता है जिसमें मसाले के व्यापारियों द्वारा हमारी मातृ भूमि को चूमते हुए उसे पर थूकना प्रारंभ कर दिया ।हमारी संस्कृति को ध्वस्त करने ,हमारे आत्मजनों को बंदिश में बांधना और अंततः गुलाम बनाने में सफलता प्राप्त करने के पीछे कर षड्यंत्र दुर्बलताओं का लाभ उठाना और हमीं से हमीं पर गोलियां दागने की स्थिति उत्पन्न करने की कल्पनाएं भी चित्रित होती जाती हैं।तो दूसरी ओर कल्पनाओं में बालपन से युवावस्था तक कभी सन्यासी विद्रोह ,कभी आदिवासी विद्रोह ,तो कभी सिपाही विद्रोह ,कभी स्वदेशी आंदोलन, कभी असहयोग आंदोलन, तो कभी भारत छोड़ो आंदोलन की कल्पना  की कल्पना में कभी वंदे मातरम की लहर, कभी बिरसा मुंडा, कभी मंगल पांडे कभी चंद्रशेखर आजाद सरीखे व्यक्तित्व की कल्पना, कल्पना मात्र ही लगती है कि कैसे कोई इस निडरता की भूमिका निभा सकता है और इससे भी बड़ी कल्पना यह प्रतीत होती है उन अनगिनत अनाम  जाबांजों की जिनके अदम्य साहस और समर्पण ने विद्रोह को विद्रोह ,आंदोलन को आंदोलन बनाया। बिरसा, सिद्दू ,कानू मंगल पांडे, चंद्रशेखर आजाद सरीखे व्यक्तित्व को इतिहास के पन्नों में दर्ज किया।साथ हीं राजा राममोहन राय, स्वामी दयानंद सरस्वती, ईश्वर चंद्र विद्यासागर, ज्योतिबा फूले, दादा भाई नौरोजी, गोपाल हरी देशमुख ,लाला लाजपत राय, बाल गंगाधर तिलक, बिपिन चंद्र पाल, खुदीराम बोस ,भगत सिंह ,वीर कुंवर सिंह, महारानी लक्ष्मीबाई, रानी दुर्गावती, रानी अहिल्या बाई, रानी गैंडियालु  सरीखे अनगिनत व्यक्तित्व की झलक दिखला जाती है जिसकी कल्पना मात्र से मन - मस्तिष्क झन्ना जाता है। विद्वता के चलते-फिरते, हार्ड -मांस के पुतले, वीरांगनाओं की प्रतिमूर्तियां, जो अपनी प्रजा की रक्षा हेतु पुत्र तक को पीठ पर बांधकर फिरंगियों से लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हुईं। हमारा बाल मन या यूं कहे तरुण  मन अक्सर ही यह कल्पना करते , उधेड़बुन में रहता है कि क्या मंजर रहा होगा जब फिरंगी जो खुद को श्रेष्ठ समझते थे ,भारतीयों की वीरांगनाओं की खुलकर प्रशंसा किया कर रहे होते ??छापामार युद्ध कैसा होता होगा ???गोरिल्ला युद्ध की क्या प्रक्रिया रही होगी ???कैसी कैसी रणनीतियां बनती होंगी ???कोडिंग डिकोडिंग कैसे की जाती होगी??! कैसे कोई "गेहूं और गुलाब"  "कागज की कश्ती" आदि का अर्थ समझ पाता होगा ???कल्पनाओं के डगर में कैप्टन हॉकिंस से लेकर कार्नवालिस, डलहौजी, वेलेजली, डायर ,विलियम बेंटिक से लेकर मार्ले, मिंटो, मांटेग्यू ,चेम्सफोर्ड तथा माउंटबेटन जैसी ब्रितानी पदाधिकारियों के व्यक्तित्व की कल्पना भी होती है ।जिनकी अपने देश और राज्य की नीतियों को लागू करने में अपनाई गई नीतियां, रणनीतियां और धैर्य की कल्पना कई नए आयाम उभारते हैं। कभी भय तो कभी प्रशंसा के भाव स्वत: स्फुरित करते हैं।कल्पनाओं के इस संसार में बाल मन कभी यह नहीं समझ पाता कि गुलामी का जख्म क्या होता होगा ??? मां भारती के चरणों में न्योछावर हो जाना कैसे गर्व की बात हो सकती थी??? परंतु जैसे-जैसे उम्र की दहलीज पार करते जाता है और हमारा बाल मन तरुणाई की अंगड़ाई लेने लगता है तब राष्ट्रभक्ति, देशभक्ति के लिए त्याग बलिदान का अर्थ समझने लगता है और यह तब यह समझ पाता है कि कैसे 23 दिनों तक भूख हड़ताल पर रहने की शक्ति मिली होगी और अंतत:अपने स्वाभिमान ,अपनी जन्मभूमि के रक्षार्थ अपने प्राणों को बचाने की अपेक्षा न्योछावर करना ज्यादा श्रेयस्कर प्रतीत होता है ,और कैसे हंसते-हंसते कोई फांसी चढ़ सकता है?? इन प्रश्नों का उत्तर भी मिलने लगता है। क्योंकि उम्र के इस पड़ाव पर प्रकृति मानव में इतनी शक्ति, इतना साहस भरती है जो दुनिया मुट्ठी में करने, तारों को तोड़ लाने का साहस अपने अंदर महसूस करता है । एक बार फिर यह बालमन दुविधा में पड़ता है कि कैसे एक हार्ड मांस का पुतला जो "अर्धनग्न फकीर" कहलाता है, बिना किसी तो बारूद, बंदूक अथवा हथियार के ,फिरंगियों से सत्य और अहिंसा रूपी शस्त्रों के बल पर युद्ध छेड़ता है और उस युद्ध में उनके साथ संपूर्ण जनमानस खड़ा हो जाता है। आश्चर्य की सीमा तो तब होती है जब अंतत: वह इन्हीं दोनों हथियारों के दम पर ब्रितानियों को हराने के अपने दूसरे प्रयोग में भी सफल हो जाता है। संभवत: आने वाली पीढ़ी गांधी जी के व्यक्तित्व को कपोल काल्पनिक व्यक्तित्व हीं समझे, परंतु हमारी पीढ़ी जैसे ही बाल मन से उभरती है तरुण और युवावस्था में पहुंचती है वह गांधी जी ,नेहरु जी ,स्वामी विवेकानंद जी को अपना आदर्श मानने लगती है। वर्तमान परिवेश में आदर्श मनाने और उसे व्यक्त करने के तरीके में दशकों पूर्व की अपेक्षा थोड़ा परिवर्तन तो अवश्य ही आ गया है ।पहले हम देश भक्ति और अपने आदर्शों को अपने मन तक ही सीमित रखते थे परंतु अभी हम खुले आम सोशल मीडिया के माध्यम से अपने विचारों, अपनी भावनाओं ,अपने प्रतिदिन के कृत्यों को व्यक्त करने में समर्थ हो गए हैं और हम कर भी रहे हैं।हमारे देश को गुलामी की बेड़ियों से स्वतंत्रता प्रदान करने में बलिदानियों का नाम गिनते- गिनते सुबह से शाम और शाम से सुबह होती रहेगी लेकिन पूरी नहीं हो पाएगी । जिन बलिदानों की कल्पना मात्र से हमारी रूह थर्रा उठती है वो बलिदान वाकई में हुए हैं। अतः हमारी पीढ़ी की यह सबसे बड़ी जिम्मेदारी है कि भावी पीढ़ी को इस धरोहर को संजोने का पाठ पढ़ाते रहें । माध्यम चाहे जो भी हो देश के प्रति भक्ति और समर्पण की भावना की अलख जलती रहनी चाहिए ...... क्रमश:

डॉ. दर्शना कुमारी
(स्वतंत्र लेखिका)
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी
darshanakumari16@gmail.com

No comments:

Post a Comment