देशभक्ति की अलख
आगे .....
स्वतंत्रता दिवस की कल्पनाओं के पश्चात हमारे साथ जो अभी तक अनगिनत यादों से जुड़ी अनुभूतियां हैं ,जिन्हें याद कर हममें से हर किसी का मन प्रफुल्लित हो उठता है।यदि आम भाषा में कहें तो दिल बाग -बाग हो जाता है । टाइम मशीन आज उनमें से कुछ ऐसे पलों की ओर ले पहुंची है जिसकी धुंधली- धुंधली सी झलक मात्र हीं दिख पा रही है.जो ना जानें कितने वर्षों पूर्व की है , जब शायद मैं सिर्फ पांच साल, हां पांच वर्ष की हीं रही होऊंगी ।तब छपरा जेल के कोने के पास स्थित विद्यालय में मेरा नामांकन हुआ था । 15 अगस्त को एकदम से क्रीच लगे लगे शर्ट और स्कर्ट, टाई, बेल्ट, बैच,हाथों में केसरिया और हरा रिबन तथा बालों में सफेद रिबन का हेयर बैंड बनाकर बगल में फूल बनाकर मां ने जैसे तैयार कर दिया उसी में स्वयं को निहारते हुए रिक्शे वाले चाचा का इंतजार करना जैसे सबसे बड़ा बोझिल कार्य होता था। सुबह-सुबह तैयार होकर कभी मां से तो कभी पापा से 5 मिनट में दसों बार एक ही बात को दोहराती की कब आएंगे रिक्शा वाले चाचा ???और जैसे ही वह आते मेरी बौंछे खिल जाती।वह हमें जब रिक्शा पर बिठाते उसे समय मनो हवा में उड़ने की प्रतीति हो जाती ।अब आती आपस में ड्रेस की तुलना और एक दूसरे के ड्रेस ,रिबन ,फूल को निहारते हम विद्यालय पहुंच जाते । एक बात तो रह हीं गई जो बड़ी दिलचस्प है और उसे ना वर्णित किया जाए तो उसे पल के साथ बेमानी हो जाएगी ।बात यह थी कि मेरे एक पोते का दाखिला भी इसी विद्यालय में हुआ था, नाम नहीं लिखूंगी लेकिन स्मरण मात्र से मन में गुदगुदी होती हो रही है तो बताऊंगी जरूर। वह अपने ईआ -बाबा (दादी - दादा )का बड़ा ही दुलारुआ था। अक्सर छोटे बच्चों में कुछ बच्चे विद्यालय के नाम से बहानों की लड़ी लगा देते हैं, वह उनमें से एक था। घर में कई बहानों के बाद भी जब उसको जबरदस्ती गोद में उठाकर रिक्शा में डाला जाता तब, रोते - चिल्लाते भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल करने के लिए अपनी उम्र के अनुसार जिन शब्दों को चुन सकता उसका सर्वोत्तम प्रयोग करते हुए चिल्लाता "ईआ रे ईआ ना जाएम रे ईआ , बचाव रे ईआ , मास्टरवा बड़ी मारेला रे ईआ ।" उसके ऐसे रोते चिल्लाते गोद से भगाने के लाख प्रयत्नों के बावजूद उसके चाचा उसे रिक्शा में डालते और नीम की पेड़ की ओट से देखती उसकी ईआ के मानो कलेजे के टुकड़े हुए जाते।उनकी आंखों से अश्रु की धार भी ऐसे बहती मानो बेटी की विदाई की वेदना हो या उससे भी कहीं अधिक। यह वाकया आए दिन होता रहता ।फिर थोड़ी दूर जाने के पश्चात सुबकते -सुबकते हमारे साथ विद्यालय पहुंचता, वहां पहुंचने के बाद हमारी कतार अलग हो जाया करती थी। झंडोत्तोलन के समय शिक्षक गण ,प्रधानाचार्य महोदय जो भी भाषण देते, तब उसका ना बहुत मतलब समझ आता और ना ही उससे कोई मतलब ही था ।जिस बात से मतलब था वह यह कि "झंडा ऊंचा रहे हमारा" और फिर जलेबी मिलती । उस जलेबी को पाते ही ऐसी अनुभूति होती मानो प्रसाद मिल रहा हो बड़े ही श्रद्धा से खाई जाती थी उसे जलेबी को ।यह सिलसिला सेंट माइकल स्कूल ( आगे की पढ़ाई इसी स्कूल में हुई थी) में भी यूं ही बना रहा ।संभवत: यह परिवार और प्राथमिक विद्यालय के दिए संस्कार ही थे जो 15 अगस्त को व्रत की तरह बिना कुछ खाए 7:30 से 8:00 बजे पूर्वाह्न हो अथवा 9:00 बजे (जो हाई स्कूल का समय हो गया) स्वतंत्रता दिवस के दिन झंडोत्तोलन के पश्चात ही अन्न का दाना और खासकर जलेबी खाई जाती थी। मानो कोई ऐसा अनुष्ठान हो जिसका पारण जलेबी से ही होता था ।हाई स्कूल से तो इतनी यादें जुड़ी हैं जिसकी नींव पर वर्तमान टिका हुआ है। एक और दिलचस्प बात, जब छठी ,सातवीं,आठवीं,नौवीं तथा दसवीं कक्षा के बच्चे 15 अगस्त की तैयारी के लगभग एक माह पूर्व से हीं तैयारी प्रारंभ कर देते थें। जिन बच्चों को भाषण अथवा राष्ट्रीय गीत या नृत्य में भाग लेना होता उनकी रूटिंग कक्षाओं से अलग भोजनावकाश के पश्चात खासकर छठी सातवीं या सातवीं आठवीं पीरियड के स्थान पर अलग किसी हाल अथवा कॉमन रूम में रियाज कराई जाती थी।जिन भी गुरुजनों की कक्षाएं ऑफ रहा करती थी वह तो रहते ही थें ,लेकिन सबसे बड़ी जिम्मेदारी थी मीरा पुरी मैम की ।संभवत उनकी संगीत के प्रति अभिरुचि और संगीत से लगाव उन्हें इस जिम्मेदारी के निर्वहन हेतु प्रेरित करती ,जबकि अध्यापिका वह जीव विज्ञान की थीं। उस समय, जब हम अपनी सामान्य कक्षाएं छोड़कर रियाज के लिए जाया करती थीं तब हमारी सीनियर्स भी वहां होती थीं ,जिनकी प्रस्तुति देखकर प्रेरित होना स्वाभाविक ही था। खासकर, जब रितु दीदी वंदे मातरम पर अपनी नृत्य की भाव भंगिमाओं से मानो अपना सर्वस्व मां भारती को ही अर्पित करतीं । वहीं ,पुनीत भैया और सुधांशु भैया जब अपनी सुरीली आवाज़ में गाते
"दान मांगे लीऽऽ बलिदान मांगें लीऽऽऽ आज भारत हमनी से दान मांगे लीऽऽऽ,
नाहीं मांगे सोना चांदी, महल अटरियाऽऽऽ
खेतवा में सजलऽऽऽ होऽऽऽ, खेतवा में सजल किसान मांगेलीऽऽऽ।
आज भारत माता हमनी से दान मांगेली ।
मईया के गोदीया, बहिनिया के सेनुरा ऽऽ
सेनवा में सजलऽऽऽ होऽऽऽ , सेनवा में सजल जवान मांगेली आज भारत माता हमनी से दान मांगे लीऽऽऽ।"
ऐसे गीतांशों को सुनकर लगता था मानो भारत माता को दे सकने वाले सर्वश्रेष्ठ दानी हमें हीं होना चाहिए।ऐसे अनगिनत भाव नृत्यों में भाग लेकर स्वयं को अन्य विद्यार्थियों से थोड़ा श्रेष्ठ समझने की अनुभूति स्वत: हीं आ जाती है..... क्रमश:
डॉ. दर्शना कुमारी
(स्वतंत्र लेखिका)
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी
No comments:
Post a Comment