Sunday, 26 July 2020

कारगिल विजय दिवस

भारत और पाकिस्तान का बंटवारा 15 अगस्त,1947 ई. को होना ऐसा प्रतीक बना जैसे एक परिवार का बंटवारा और एक चूल्हा से दो चूल्हे में परिणत हो जाना। हमारे यहां भोजपुरी में एक कहावत है "बांटल भाई पड़ोसी" जैसे ही परिवार का बटवारा हो गया वैसे ही परिवार पड़ोसी में तब्दील हो जाते हैं और पड़ोसियों के बीच तो  दूसरे की तरक्की को देखकर द्वेष होना लाज़मी ही है। ऐसी ही स्थिति  हमारे देश 'भारत वर्ष' और हमारे पड़ोसी देश 'पाकिस्तान' के साथ भी उत्पन्न हुई। भारत तो बड़े भाई की भूमिका में रहा और अपने प्राचीन विचारों को लेकर "वसुधैव कुटुंबकम" और "शांतिप्रियता" को बनाए रखना चाहा परंतु पाकिस्तान से भारत की तरक्की बर्दाश्त नहीं हो पाई जिसके कारण अभी तक दोनों देशों को  चार युद्धों 1948 ,1965,1971 एवम्1999 का सामना करना पड़ा, जिसमें कभी भी पहल भारत द्वारा नहीं की गई तथा किसी भी युद्ध में विजय श्री ने अपनी वरमाला पाकिस्तान के गले में नहीं डाली। 1948 में कश्मीर के महाराज को 'इंस्ट्रूमेंट ऑफ एक्सेशन' पर हस्ताक्षर करने पड़े इस युद्ध में भारत को कश्मीर के कुल भौगोलिक क्षेत्र के लगभग दो-तिहाई हिस्से (कश्मीर घाटी जम्मू और लद्दाख) पर तथा पाकिस्तान को लगभग एक तिहाई हिस्से (गुलाम कश्मीर और गिलगित बालटिस्तान) पर अधिकार प्राप्त हुआ। 1965 का भारत-पाक युद्ध "ऑपरेशन जिब्राल्टर" से प्रारंभ होकर "ताशकंद समझौते" पर समाप्त घोषित हुआ। 1971 के युद्ध ने तो पूर्वी पाकिस्तान को "बांग्लादेश" नामक नए देश में ही तब्दील कर दिया। यह तत्कालीन सोवियत रूस की मदद और प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की रणनीतियों की सफलता का परिचायक है। 1999 के कारगिल युद्ध का प्रारंभ पाकिस्तानी घुसपैठ "ऑपरेशन बद्र" में छिपे हुए थे जिसका अंत भारत ने "ऑपरेशन विजय" से किया।इस ऑपरेशन में पाकिस्तान के नापाक मंसूबों पर पानी फेरने के लिए दो लाख भारतीय सैनिकों को भेजा गया। औपचारिक रूप में 26 जुलाई ,1999 को इस युद्ध की समाप्ति की घोषणा भारत विजय के साथ की गई।इस बार विजय श्री की वरमाला प्राप्त करने हेतु 550 रणबांकुरों ने अपने प्राणों की आहुति दी और 1400 के करीब  बुरी तरह घायल भी हुए ।आइए आज 26 जुलाई, 2020 ईस्वी को अपने शहीद और जांबाज जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि के साथ-साथ यह विश्वास दिलाएं कि जब वे युद्ध के मैदान में हमारे लिए अपने प्राणों की आहुति देने से भी नहीं कतराते तो उनकी गैर हाजरी में हम उनके प्रति कृतज्ञता का भाव प्रकट करते हुए जो भी संभव हो उनके परिवार के लिए अवश्य ही करेंगे आज उन वीर जवानों को शत शत नमन जिन्होंने मातृभूमि की रक्षार्थ स्वयं को समर्पित कर दिया🙏🙏🙏🙏🙏💐💐💐💐💐
"भारत माता की रक्षा प्रत्येक भारतीय का प्रथम कर्तव्य"

4 comments: