बात उन दिनों की है जब हमारे घर से धन की देवी ने मुख मोड़ लिया था और हमारे माता-पिता के चारों संतानों की भविष्य निर्माण रूपी यक्ष प्रश्न स्वाभाविक रूप से उनके समक्ष उपस्थित थे ।मैं सबसे बड़ी और मेरे तीन अनुज अपने माता-पिता की हर बात को पत्थर की लकीर मानते हुए स्वीकार करते रहे थे ।क्योंकि संयुक्त परिवार में प्रारंभिक वर्षों में ही पिताजी ने संस्कार ही ऐसे भर दिए थे इसकी पुष्टि वर्तमान कार्यरत सेवा में हुए कई प्रशिक्षणों से भी होती रही। मैंने जब इंटरमीडिएट पास की तो एक दिन पिताजी से अपनी आगे की पढ़ाई पर चर्चा करते हुए थोड़े अधीर भाव में बोल पड़ी कि कैसे मैं अपनी सोच के अनुरूप स्वयं को सिद्ध कर पाऊंगी, जबकि हमारे पास संसाधन इतने सीमित हैं? इस पर उन्होंने अत्यंत ही गंभीर मुद्रा में अपनी चिर-परिचित मुस्कान के साथ मुझसे बड़े प्यार से कहा चलो अब समय आ गया है जब तुम्हें वह संचित संपत्ति भेंट कर दूं जो वर्षों से मैंने तुम लोगों के लिए संजो कर रखा है। क्योंकि तुम मेरी ज्येष्ठ संतान हो अतः इस पर सबसे पहला हक तुम्हारा ही बनता है। इतना कह अपनी अलमारी से उन्होंने एक लाल कपड़े में लिपटी मोटी-सी गठरी नुमा कुछ निकाला ,मुझे भी कौतूहल था कि पिताजी ने मेरे लिए कई वर्षों से भला क्या संजो कर रखा है किशोरी कल्पनातीत मन में लगा कुछ धन हो या जेवर जो मेरी दिवंगत दादी ने दिए हो या और कुछ , इससे अधिक कुछ नहीं सोच पाई। परंतु यह क्या उन्होंने जब पोटली को निकाला तो बड़ी ही अदब से दोनों हाथों में पकड़ कर माथा टेका फिर खोला,मैंने देखा यह क्या सामने गोस्वामी तुलसीदास जी कृत "श्रीरामचरितमानस" प्रस्तुत है।क्यूंकि पिता जी में मेरा अटूट विश्वास था अतः अपने मन में उठ रही तमाम मानवीय उत्कंठाओं को दबाते हुए उनकी भावना और बातों पर ध्यान देने का निश्चय किया। उन्होंने अत्यंत श्रद्धा से श्री रामचरितमानस के लंका कांड की निम्न पंक्तियां मुझे सुनाई:-
" रावनु रथी बिरथ रघुबीरा।देखि विभीषण भयउ अधीरा।।
अधिक प्रीति मन भा संदेहा। बंदि चरन कह सहित सनेहा।।
नाथ न रथ नहिं तन पद त्राना। केहि विधि जितब बीर बलवाना।।
सुनहु सखा कह कृपा निधाना। जेहिं जय होई सो स्यंदन आना।।
सौरज धीरज तेहि रथ चाका।सत्य सील दृढ़ ध्वजा पताका।।
बल बिबेक दम परहित घोरे। छमा कृपा समता रजु जोरे।।
ईस भजनु सारथी सुजाना।बिरति चर्म संतोष कृपाना।।
दान परसु बुद्धि सक्ति प्रचण्डा। बर बिग्यान कठिन कोदण्डा।।
अमल अचल मन त्रोन समाना।सम जम नियम सिलीमुख नाना।।
कवच अभेद विप्र गुरु पूजा। एहि सम विजय उपाय न दूजा।।
सखा धर्ममय अस रथ जाकें। जीतन कहं न कतहूं रिपु ताकें।।"
प्रसंग है राम रावण युद्ध स्थल पर श्री रघुनाथ को बिना रथ के देख कर विभीषण अधीर हो गए। अत्यधिक प्रेम वश होने से उनके मन में संदेह हो गया कि वे बिना रथ के रावण को कैसे जीतेंगे और वंदना पूर्वक श्रीराम से कहने लगे कि हे नाथ! आपके न रथ है न तन की रक्षा करने वाला कवच है और न जूते ही हैं ।वह बलवान वीर रावण किस प्रकार जीता जाएगा? तब कृपा निधान श्री राम ने कहा- हे सखे! सुनो जिससे जय होती है वह रथ दूसरा ही है ।शौर्य ,धैर्य उस रथ के पहिए हैं सत्य और शील (सदाचार )उसकी मजबूत ध्वजा पताका हैं। बल, विवेक, दम (इंद्रियों का वश में होना) और परोपकार उसके चार घोड़े हैं जो क्षमा ,दया और समता रूपी डोरी से रथ में जोड़े हुए हैं ।ईश्वर का भजन ही चतुर सारथी है ।वैराग्य ढाल है और संतोष तलवार है ।दान फरसा है,बुद्धि प्रचंड शक्ति है, श्रेष्ठ विज्ञान कठिन धनुष है। निर्मल (पाप रहित )और अचल(स्थिर) मन तरकस के समान है। शम (मन का वश में होना) ,(अहिंसादि )यम और शौचादि नियम - ये बहुत से बाण हैं। ब्राह्मणों और गुरु का पूजन अभेद्य कवच है ।इसके समान विजय का दूसरा उपाय नहीं है हे सखे! ऐसा धर्ममय रथ जिसके हो उसके लिए जीतने को कहीं शत्रु ही नहीं है।
उक्त पंक्तियों के भावार्थ को समझाते हुए उन्होंने बताया कि जब श्री राम जैसे राजपुत्र की संपूर्ण संपत्ति से उनको वंचित कर दिया गया तथा वन में उनकी पत्नी भी खो गई तब उनके इन्हीं अस्त्रों ने उन्हें दृढ़ बनाए रखा और युद्ध भूमि में जिस रावण के दस सिर थे, जो अत्यंत बलशाली एवं विद्वान होने के साथ-साथ तत्कालीन समय में त्रिलोक विजयी होने का दंभ भरता था ,पर विजय भी प्राप्त कर सकें। पिताजी ने यह भी समझाया कि सुख- दुख जीवन के दो पहलू हैं ,इससे कोई भी बच नहीं सकता ।जो उक्त गुणों में से कुछ गुणों को भी अपना कर धैर्य पूर्वक अपना कर्म करता जाता है वह अपने लक्ष्य को अवश्य ही प्राप्त करता है ,राह में आने वाली सभी बाधाओं पर विजय अवश्य ही प्राप्त करता है। उन्होंने यह विश्वास भी जताया उनकी चारों संताने अपने-अपने क्षेत्र में हर रावण रूपी समस्या पर राम के गुण अपना कर विजय श्री को अवश्य ही प्राप्त करेंगे। आज जब पिता जी की बातों को आपसे साझा कर रही हूं तो स्वतः ही नयन सजल हो उठे हैं "पिता हमेशा पिता ही होता है"। अब वर्तमान परिप्रेक्ष्य में विचार किया जाए तो स्पष्ट होता है कि जीवन के हर समर में श्री राम की यह नीति प्रासंगिक है और प्रतीत होता है कि यह युग-युगांतर तक प्रासंगिक ही रहेगी। यदि मानस की उक्त चौपाइयों का अनुसरण किया जाए तो निश्चय ही विजय प्राप्त होगी।आज जब कुछ लोगों को निराश होकर अपने इहलीला को समाप्त करते हुए देखती हूं तो बड़ा ही क्षोभ होता है और मन में यही इच्छा होती है कि उन्हें श्रीराम की समर नीति का इस काल का पाठ पढ़ाया जाए।
बहुत सुंदर लेख। आपकी लेखनी और आपका अनुभव हमें बहुत कुछ सिखाती है। पिता का आशीर्वाद और रामचरितमानस का आपके जीवन में प्रभाव साफ झलकता है।
ReplyDeleteमानस में भी चार ,हम भी चार ।यह विश्वास और प्रेम सदा बना रहे।
ReplyDeleteCommandable writing, thought, inherent culture...
ReplyDeleteGod bless you.
Thanks 🙏🙏🙂🙂
DeleteAmazing writing mam... Its more than awesome
ReplyDeleteThank you 🙂🍫💐
Deleteश्रीराम की समर नीति के गूढ़ रहस्यों की चर्चा कर आपने निराशा के गहन अंधकार से पार पाने की युक्ति बतलाई है। यादगार आलेख के लिए हृदय के अंतः स्थल से सादर धन्यवाद.
ReplyDelete